नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार टाटा टियागो दलपत सागर में गिर गई। दरवाजे लॉक होने से रायपुर के देवीदत्त होता सहित तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों में रिसाली भिलाई का अनुराग मसीह, पश्चिम बंगाल का सोहेल राय आदि शामिल है।
मृतकों की उम्र 32 से 35 वर्ष के बीच हैं। पुलिस ने शवों को स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। तीनों युवक एनएमडीसी प्लांट में पेटी कंपनी माइक्रोफाइनेंस में इंजीनियर थे।
जांच में सामने आया है कि पानी में गिरते ही कार का सेंट्रल लॉक हो गया और दम घुटने से तीनों की मौत हो गई। देवीदत्त होता मूलत: ओडिशा के रहने वाले थे। वे पिछले डेढ़ साल से राजधानी रायपुर के भनपुरी इलाके में स्थित अनुग्रह रेसीडेंसी में पत्नी श्वेता और बेटी शिवांशी के साथ रहते थे।
आशीष नगर रिसाली निवासी एफजे मसीह के बेटे अनुराग मसीह की शादी नहीं हुई थी। उसके पिता भिलाई इस्पात संयंत्र से सेवानिवृत्त हैं। अनुराग के शव को शुक्रवार तक भिलाई लाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
कांकेर जिले के ग्राम किरगोली में तालाब में नहाने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दोनों के शव को जिला अस्पताल लाया गया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया जाएगा।
साहिल मरकाम (छह) और दीपेंद्र सिन्हा (आठ) गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे घर से निकले थे। दोपहर दो बजे तक जब दोनों बच्चे वापस नहीं आए तो स्वजन ने तलाश शुरू की, तभी गांव के बाहर तालाब के पास दोनों के कपड़े पड़े मिले।
ग्रामीणों की मदद से तालाब में तलाश की गई जहां से दोनों के शव बरामद हुए हैं। दीपेंद्र सिन्हा किरगोली के नजदीक उड़कूड़ा गांव का रहने वाला था, जो किरगोली में अपने नानी के घर आया था।
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों मृतक बच्चों के साथ दो बच्चे और थे जो घटना से घबराकर अपने घर भाग गए थे। कोतवाली प्रभारी मनीष नागर ने बताया कि बच्चों को अस्पताल लाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। शुक्रवार को सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया जाएगा।