
जगदलपुर (ब्यूरो)। नगरीय निकाय चुनाव में महापौर पद की दावेदारी को लेकर जनता के सामने आने को बेताब राजनीतिक दलों के नेताओं के बीच होर्डिंग वार छिड़ गया है।
इस मामले में कांग्रेस व भाजपा के नेता सबसे आगे हैं। खुद को बड़ा व प्रमुख दावेदार मानते हुए यह नेता अपना होर्डिंग लगाने में लगे हैं। शहर के हर प्रमुख चौक-चौराहों में दावेदार होर्डिंग में बस्तर दशहरा, बकरीद की बधाई देते इन्होंने होर्डिंग लगाए हैं। कुछ नेता जो इस होड़ में पिछड़ गए हैं वह भी एक दो दिन में इस अभियान का हिस्सा बनने की तैयारी में हैं। भाजपा में करीब एक दर्जन दावेदारों का नाम महापौर पद के टिकटार्थी के रूप में सामने आया है। इसमें आधे नेताओं ने अपने होर्डिंग शहर के मुख्य स्थलों पर टांग दिए हैं। कांग्रेस से भी आधा दर्जन नेताओं का नाम दावेदारी में हैं पर सिर्फ दो-तीन नेताओं ने ही अभी तक होर्डिंग लगाए हैं। कुछ ऐसे नेता भी इस होर्डिंगवार में शामिल हैं जिन्होंने पिछले पांच साल में शहर की जनता को कभी दशहरा-दीवाली की बधाई नहीं दी होगी पर इस बार ऐसे नेता होर्डिंग में बकायदा दशहरा, दीवाली, बकरीद त्योहार की बधाई शहर की जनता को दे रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार कुछ नेता जिन्हें होर्डिंग लगाने उपयुक्त जगह नहीं मिल पाई है उनकी तैयारी दो-तीन दिनों के अंदर छोटे-छोटे कट-ऑऊट लगाने की हैं। कांग्रेस और भाजपा में पिछड़ा वर्ग का हर छोटा-बड़ा नेता खुद को महापौर पद का दावेदार बताते घूम रहा है।
होड़ में कुछ नेता जो वास्तव में दावेदारी में आगे हैं पर होड़ में फिलहाल सोची समझी रणनीति के तहत खुद को पीछे बनाए हुए हैं। कांग्रेस भवन के पास कांग्रेस और भाजपा के आधा दर्जन से अधिक नेताओं ने अपने आप को प्रदर्शित करने बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए हैं।
---