
जगदलपुर। बजट में पुरानी पेंशन योजना की बहाली सहित सौगातों की झड़ी लगाने वाले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दो दिन के बस्तर दौरे पर शनिवार को जगदलपुर आएंगे। रायपुर से हेलीकाप्टर से सीधे दंतेवाड़ा जाकर मां दंतेश्वरी का दर्शन करेंगे और इसके बाद दूसरे पहर बस्तर पहुचेंगे। नगर पंचायत बस्तर में बस्तर जिले को 104 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री नगर पंचायत बस्तर के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में आयोजित सिरहा-गुनिया सम्मेलन में 70 करोड़ रुपए के 17 कार्यों का लोकार्पण और लगभग 34 करोड़ 33 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।
इसके साथ ही बस्तर नगर पंचायत क्षेत्र के 11 हितग्राहियों को व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र प्रदान करेंगे तथा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत यहां 151 नवविवाहित जोड़ों आर्शीवाद प्रदान करेंगे। रात्रि विश्राम जगदलपुर में करेंगे। दूसरे दिन तीन अप्रैल को यहां जगदलपुर शहर में छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री व मंत्री विधायकों का अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा।
इधर बस्तर नगर पंचायत में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। पिछले एक सप्ताह से स्थानीय विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष लखेश्वर बघेल अधिकारियों व कांग्रेस नेताओं के साथ लगातार बस्तर आ जा रहे हैं। कार्यक्रम के एक दिन पहले शुक्रवार को पूरे दिन बस्तर में मौजूद रहकर उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इधर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाहोत्सव को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
बताया जाता है कि मुख्यमंत्री कन्या पक्ष से विवाहोत्सव में शामिल होंगे। बस्तर विधानसभा में आने वाले बकावंड, बस्तर और करपावंड तीनों परियोजनाओं से 151 जोड़ों का विवाह संपन्ना होगा। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन द्वारा बस्तर नगर पंचायत में भी मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया जाएगा।
सम्मेलन में 10 हजार की भीड़ जुटेगी
सिरहा गुनिया सम्मेलन में दस हजार की भीड़ जुटने की संभावना जताई गई है। बस्तर के अलावा दूसरे जिलों से भी सिरहा गुनिया शामिल होंगे। ज्ञात हो कि बजट में सरकार ने सिरहा गुनिया को भी सम्मान निधि से राशि देने की घोषणा की है। इसे लेकर सिरहा गुनिया काफी खुश हैं। पिछले साल अक्टूबर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बकावंड विकासखंड के ग्राम गिरोला में लखेश्वर बघेल की मांग पर सिरहा गुनिया को सम्मान निधि देने की घोषणा की थी।