
जगदलपुर (ब्यूरो)। हाईस्कूल एवं हायरसेकेंडरी के विद्यार्थियों के लिए प्रदेश का पहला ई-लरनिंग सेंटर 21 जून से जगदलपुर में शुरू हो जाएगा। शिक्षा मंत्री केदार कश्यप रविवार को इसका लोकापर्ण करेंगे। एनएमडीसी के सहयोग से शिक्षा विभाग द्वारा स्थापित यह प्रदेश का पहला ई-लरनिंग सेंटर है। हाता मैदान के समीप जिला ग्रंथालय परिसर में इसकी स्थापना की गई है। ई-लरनिंग सेंटर में कक्षा 9 वीं से 12 तक के विद्यार्थी मुफ्त में पढ़ाई का लाभ ले सकेंगे। ई-लरनिंग सेंटर में इन कक्षाओं के माध्यमिक शिक्षा मंडल और सीबीएसई बोर्ड के सेलेबस के आधार पर किताबें और अध्ययन-अध्यापन से जुड़े अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराए गए हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी सामग्रिया, ऑन लाइन टेस्ट पेपर, कम्पीटिशन इक्जाम आदि से संबंधित सामग्रियों का अध्ययन करने के साथ ही विद्यार्थी ई-लरनिंग सेंटर में स्वमूल्यांकन भी कर सकेंगे। अभी तक सार्वजनिक ई-लरनिंग सेंटर की सुविधा देश के महानगरों व कुछ बड़े शहरों में ही उपलब्ध हैं। बस्तर में एनएमडीसी के सहयोग से संभागीय मुख्यालय में इसकी स्थापना की गई है। प्रदेश के शिक्षा मंत्री केदार कश्यप ने दो साल पहले इसकी स्थापना की पहल की थी जो अब साकार होने जा रहा है। बस्तर में प्रयास, एकलव्य, मॉडल स्कूल, पीएमटी,पीईटी कोचिंग सेंटर व कई अन्य शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की कड़ी में ई-लरनिंग सेंटर भी जुड़ रहा है। इसका समय अभी सुबह 8 से दोपहर 12 बजे और शाम को 5 से 7 बजे तक समय नियत किया गया है। स्कूलों के समय में बदलाव होने पर इसके समय में भी बदलाव किया जा सकता है। जिला शिक्षा अधिकारी बृजेश बाजपेई ने बताया कि ई-लरनिंग सेंटर खुलने से शहर के विद्यार्थी तो लाभ ले ही सकेंगे, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी छुट्टियों के दिन यहां आकर इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे।
'सूचना संचार क्रांति के दौर में ई-लरनिंग सेंटर की बस्तर जैसे क्षेत्र में स्थापना उल्लेखनीय उपलब्धि है। प्रतियोगी परीक्षाओं की कठिन प्रतिस्पर्धा के समय में ई-लरनिंग सेंटर विद्यार्थियों के लिए काफी मददगार साबित हो सकता है।'
-बृजेश बाजपेई, जिला शिक्षा अधिकारी
---