
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। वर्तमान में रेल सेवा बंद होने से यात्रियों को आवागमन में हो रही भारी दिक्कतों को देखते हुए रोटरी क्लब ने ‘प्रोजेक्ट आशा’ के तहत जगदलपुर से दंतेवाड़ा के बीच निश्शुल्क विशेष बस सेवा शुरू की है। यह सुविधा 11 से 15 अक्टूबर तक नियमित रूप से उपलब्ध रहेगी।
रविवार को जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में महापौर संजय पांडे और बस्तर राजपरिवार के कमल चंद्र भंजदेव की उपस्थिति में इस बस सेवा का शुभारंभ किया गया। यदि आप भी नवरात्र में मां दंतेश्वरी के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो इस बस सेवा का पूरा शेड्यूल और नियम जरूर जान लें।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोनों शहरों से रवानगी का समय तय किया गया है:
जगदलपुर से दंतेवाड़ा: पहली बस सुबह 7:00 बजे और दूसरी बस दोपहर 2:00 बजे राजमहल परिसर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से रवाना होगी।
दंतेवाड़ा से जगदलपुर: दंतेवाड़ा मंदिर परिसर से पहली बस सुबह 10:00 बजे और दूसरी बस शाम 5:00 बजे जगदलपुर के लिए प्रस्थान करेगी।
क्लब प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यह सेवा केवल वन-वे ड्राप (एकतरफा छोड़ने) के रूप में संचालित हो रही है। यानी बस श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचाएगी, लेकिन दर्शन के बाद वापसी की व्यवस्था यात्रियों को स्वयं करनी होगी अथवा तय समय पर चलने वाली दूसरी बस के अनुसार योजना बनानी होगी।
दंतेवाड़ा मार्ग पर वर्तमान में रेल सुविधाएं बंद होने से आम यात्रियों और दूर-दराज से आने वाले दर्शनार्थियों को निजी वाहनों या महंगे विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा था। जनसेवा के इसी उद्देश्य से रोटरी क्लब के उपाध्यक्ष व प्रोजेक्ट चेयरमैन संग्राम सिंह राणा, सचिव अंकित गोयल और संयुक्त सचिव सप्तगिरि मद्दी के संयोजन में यह पहल शुरू की गई है, जिससे माता के भक्तों को बिना किसी खर्च के सुगम यात्रा मिल सके।