जगदलपुर। झीरम कांड की बरसी पर मंगलवार को बस्तर विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में झीरम घटना के दिवंगत नेताओं और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान शहीद महेन्द्र कर्मा की प्रतिमा का अनावरण किया गया। साथ ही बस्तर विश्वविद्यालय और स्वर्गीय बलीराम स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध अस्पताल का नामकरण भी शहीद महेन्द्र कर्मा की स्मृति में किए जाने के पश्चात इनके नामकरण पट्टिका का अनावरण किया गया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर में अपने निवास पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में झीरम कांड के दिवंगत कांग्रेस के नेताओं, आम लोगों और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वीडियो कांफ्रेंसिंग से उन्होंने यहां बस्तर विश्वविद्यालय में प्रतिमा और नामकरण पट्टिका का अनावरण किया। इस दौरान विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सांसद, विधायक अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री बघेल ने झीरम कांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते कहा कि 25 मई 2013 का दिन लोकतंत्र और मानवता के लिए काला दिवस है। यह देश- प्रदेश को कलंकित करने वाली घटना थी। विदित है कि झीरम नक्सल कांड में विद्याचरण शुक्ल, नंदकुमार पटेल, महेंद्र कर्मा, उदय मुदलियार सहित प्रदेश कांग्रेस के नेताओं, जवानों और आम लोगों सहित 29 लोगों की मौत हो गई थी।
झीरम कांड के दोषियों को मिलेगी सजा
वर्चुअल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने झीरम घटना के दोषियों को सजा मिलने और घटना में शहीदों के परिजनों को शीघ्र न्याय मिलने की आशा व्यक्त की। विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सांसद दीपक बैज, संसदीय सचिव रेखचंद जैन, चित्रकोट विधायक राजमन बेंजाम, क्रेडा अध्यक्ष मिथिलेश स्वर्णकार, महापौर सफीरा साहू, नगर निगम अध्यक्ष कविता साहू, कुलपति एसके सिंह, आइजी पी सुंदरराज, कलेक्टर रजत बंसल, एसपी दीपक झा, सहायक कलेक्टर सुरुचि सिंह, अपर कलेक्टर अरविंद एक्का व अन्य जनप्रतिनिधि, झीरम घटना के शहीदों के परिजन आदि मौजूद थे।