जगदलपुर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। जिले के तीस से अधिक बेरोजगारों से लेबर यूनियन के ब्लाक इकाइयों में कार्यालय में आपरेटर व भृत्य पदों पर नियुक्तियों के नाम पर 21 लाख रुपये की ठगी मामले में कोतवाली पुलिस ने यूनियन अध्यक्ष समेत आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से आठ नग कम्प्यूटर सेट और प्रिंटर बरामद किया गया है। सभी आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।
एएसपी निवेदिता पाल ने बताया कि प्रार्थी रोहित कुमार साहू को मार्च 2022 में लेवर यूनियन मजदूर कल्याण संघ के अध्यक्ष से पता चला कि उनके अलग- अलग जनपद के कार्यालय में कंप्यूटर आपरेटर और भृत्य के पद के लिए भर्ती निकला है। बताया गया कि आपरेटर पद के लिए इसके लिए डेढ़ लाख रुपये लगेगा। इस प्रकार उसने आकर्षक वेतन मिलने के लोभ में डेढ़ लाख रुपये नगद दिया।
इसी प्रकार अन्य लोगों से भी लेबर यूनियन मजदूर कल्याण संघ के अध्यक्ष और उसके सहयोगियों ने नौकरी दिलाने के नाम पर कुल 21 लाख रुपये नगद लेकर धोखाधड़ी की। रिपोर्ट पर अध्यक्ष व उसके स्टाफ के खिलाफ पुलिस थाना कोतवाली में धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर अनुसंधान में लिया गया। प्रकरण में वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली अमित शुक्ला के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपितों की पतासाजी की जा रही थी।
इस दौरान दौरान मामले के मुख्य आरोपित नारायण बघेल को पकड़ा गया। उससे पूछताछ पर उसने अपने संघ के सहयोगियों के साथ बेरोजगार युवकों को कंप्यूटर आपरेटर और भृत्य के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर कुल 30 लोगों से कुल 21 लाख लेने और फर्जी ज्वाइनिंग लेटर देकर जिले के अलग अलग ब्लाकों में कार्यालय खोलकर नियुक्त किया और 8-9 माह से काम कराने के बाद उन्हें कोई वेतन नहीं दिया।
आरोपित ने लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर झांसा देकर पैसा लेकर धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। उसके निशानदेही से अलग-अलग स्थानों से एक महिला समेत अन्य आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से आट नग कंप्यूटर सेट और प्रिंट बरामद किया गया है।
गिरफ्तार आरोपित
नारायण बघेल निवासी अघनपुर छत्रपति शिवाजी वार्ड जगदलपुर, धमेन्द्र पांडे निवासी नयामुण्डा रविन्द्रनाथ टैगोर वार्ड जगदलपुर, पूरन सिंह ठाकुर निवासी डोगाम, प्रेम पाण्डे निवासी मुरकुची हाल मैत्रीसंघ जगदलपुर, चुम्मन सिंह ठाकुर निवासी पल्लीभाठा, जोगेन्द्र ठाकुर निवासी मावलीगुड़ा, सुनील चेट्टी निवासी मेटगुडा जगदलपुर तथा महेन्द्र सिंह ठाकुर निवासी बनियागांव पल्लीभाटा तथा वीणा पाण्डे निवासी आसना बनवापारा जिला बस्तर।
इनकी रही अहम भूमिका
निरीक्षक अमित शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक, नीलांबर नाग, प्रधान आरक्षक लंबोदर कश्यप, आरक्षक नकुल कश्यप, संजीव मिंज, सुदु कश्यप, प्रकाश नायक, युवराज सिंह ठाकुर, विनोद खेस, उत्तम ध्रुव, इंद्रजीत सिंह पोर्ते, महिला आरक्षक इंदु मौर्य व धनमति कश्यप व सैनिक शिव यादव।