
जगदलपुर। दरभा ब्लॉक के घोर नक्सल प्रभावित गांव भटरीमऊ के करीब 200 ग्रामीण मंगलवार को दरभा थाने पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष नक्सलपंथ से किनारे करने तथा नक्सलियों को मार भगाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पुलिस की ओर से ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की सामग्री भी वितरित की गई। ग्रामीणों का हौसला बढ़ाने आईजी बस्तर व एसपी भी मौके पर पहुंचे।
पखवाड़े भर पहले ओडिशा पुलिस द्वारा कांगेर घाटी एरिया कमेटी के सचिव व डीवीसी मेंबर सोनाधर समेत इलाके के तीन नक्सलियों के मारे जाने के बाद ग्रामीणों में नक्सलियों का खौंप खत्म हो गया है। बताया जाता है कि सोनाधर का इलाके में काफी दहशत था। वह मुखबिरी के नाम पर ग्रामीण युवकों से बुरी तरह मारपीट करता था। उसके मारे जाने से गांव वालों ने चैन की सांस ली है। मंगलवार दोपहर काफी संख्या में ग्रामीण दरभा थाने पहुंचे और इलाके में सक्रि य नक्सली शंकर व देवा को खदेड़ने के लिए पुलिस का साथ देने का भरोसा दिलाया। इसकी सूचना मिलने पर आईजी एसआरपी कल्लूरी, एसपी अजय यादव तथा एडिशनल एसपी विजय पांडेय दरभा पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को सुरक्षा का आश्वासन दिया तथा एकजुटतापूर्वक नक्सलियों का मुकाबला करने की सलाह दी। इस अवसर पर पुलिस की ओर से ग्रामीणों को दैनिक उपयोगी सामान का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर दरभा टीआई दुर्गेश शर्मा, एएसआई प्रमोद श्रीवास्तव समेत अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
---