
जगदलपुर। ब़ड़े आरापुर के डोगरीपारा की टेकरी पर करीब 110 एकड़ में खड़े चंदन वन को बचाने की पहल अब वन विभाग ने की है। दुर्लभ सफेद चंदन के 500 से अधिक वृक्षों को संरक्षित करने के लिए विभाग ने 12 लाख 38 हजार रुपये का प्रोजेक्ट तैयार कर लिया है। वनमंडलाधिकारी ने इसे अपनी स्वीकृति भी दे दी है। बड़े आरापुर के उपेक्षित चंदन वन पर नईदुनिया ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था, जिसे संज्ञान में लेते हुए वन विभाग ने यह कार्रवाई की है।
जगदलपुर-गीदम मार्ग पर बड़े आरापुर बस्ती से करीब एक किमी दूर डोगरीपारा है । यहां करीब 110 एकड़ की टेकरी है। जिसमें मावली माता विराजमान है। इसी टेकरी में दुर्लभ प्रजाति के सफेद चंदन का 500 से अधिक छोटे बड़े वृक्ष है। बताया गया कि आरापुर में पहले सफेद चंदन के काफी वृ़क्ष थे।
बीते 10 साल में ही तस्करों ने लगभग तीन हजार 500 सफेद चंदन वृक्षों को काट कर ले गए हैं, इसलिए आरापुर के लोग अपने स्तर पर चंदन वन की सुरक्षा करते आ रहे हैं, परन्तु राजस्व विभाग पर खड़े सफेद चंदन के इन वृक्षों को बचाने का प्रयास किसी भी विभाग ने नहीं किया।
पिछले दिनों नईदुनिया ने उपेक्षित चंदन वन का समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए चित्रकोट प्रक्षेत्र की एसडीओ सुषमा जे नेताम ने सफेद चंदन प्रक्षेत्र का अवलोकन किया और एक प्रोजेक्ट तैयार कर वनमंडलाधिकारी कार्यालय को सौंपा था।
बुधवार को वनमंडलाधिकारी राजू अगसिमनि ने नईदुनिया को बताया कि आरापुर के चंदन वन को संरक्षित करने के प्रोजेक्ट को स्वीकृति दी गई है। कैम्पा के तहत देवगुड़ी संरक्षण कार्य के तहत 12 लाख 38 हजार रुपये की कार्य योजना बनाई गई है। इसके तहत चंदन वन क्षेत्र की सफाई कर कांटेदार तार की फेंसिंग की जाएगी,साथ ही मावली गुड़ी के लिए पक्का चबूतरा बनाया जाएगा।
वन प्रक्षेत्र में प्रवेश के लिए अलग से प्रवेश द्वार भी बनाया जाएगा। वहीं चंदन वन की सुरक्षा के लिए चौकीदार भी तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरापुर के वरिष्ठ ग्रामीणों व पुजारियों से विचार विमर्श कर कार्य को अंजाम दिया जाएगा।
इधर जलनी माता मंदिर आरापुर के प्रधान पुजारी सुखराम कच्छ ने सुझाव रखा है कि आरापुर में चंदनवृक्षों की चोरी हमेशा रात में ही हुई है, इसलिए चंदन वन की देवगुड़ी में प्रकाश व्यवस्था और वन की सुरक्षा के हिसाब से परंपरागत या सोलर लाईट की भी व्यवस्था की जाए।