
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। प्रदेश में स्कूलों में शिक्षक संवर्ग के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए चरणबद्ध प्रक्रिया तेज हो गई है। चालू शिक्षा सत्र में सहायक शिक्षक, व्याख्याता और शिक्षक के 5000 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए वर्गवार भर्ती परीक्षा 29 नवंबर से 20 दिसंबर तक आयोजित की जाएगी। शुरुआत 29 नवंबर को 854 पदों के लिए व्याख्याता भर्ती परीक्षा से होने जा रही है। प्रदेश स्तरीय इस परीक्षा के लिए बस्तर जिले में 15 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3,771 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल करा रहा है।
व्याख्याता भर्ती परीक्षा के तहत हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में 120-120 पद हैं, जबकि राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र में 100-100 पद हैं। भौतिकी के लिए 94 पद निर्धारित किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि शिक्षक संवर्ग में हो रही भर्ती प्रक्रिया पूरी होने पर बस्तर संभाग को लगभग डेढ़ हजार शिक्षक मिलने की उम्मीद है। इससे अगले साल नए शिक्षा सत्र में शिक्षकों की कमी कुछ हद तक दूर हो जाएगी।
व्याख्याता भर्ती परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक होगी, जिसमें हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, भौतिकी, राजनीति शास्त्र, इतिहास, भूगोल और अर्थशास्त्र विषयों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में काकतीय पीजी कॉलेज, इंजीनियरिंग महाविद्यालय, दंतेश्वरी महिला महाविद्यालय, महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल, बहुउद्देशीय स्कूल, सेजेस कन्या स्कूल-2, स्वामी आत्मानंद स्कूल धरमपुरा व रेलवे कॉलोनी, स्वामी विवेकानंद स्कूल, आड़ावाल, पथरागुड़ा, बाल विहार, निर्मल स्कूल, ढेबरीधूर कॉलेज और आसना स्कूल को मिलाकर 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
अभ्यर्थियों को दो से ढाई घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर से जांच और प्रवेश पत्र व पहचान पत्र का सत्यापन होगा। सुबह 9:30 बजे गेट बंद हो जाएगा, इसके बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ड्रेस कोड लागू किया गया है। इसके तहत अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े और चप्पल पहनना अनिवार्य है। परीक्षा केंद्र में गहरे रंग के कपड़े, आभूषण, घड़ी, मोबाइल, बेल्ट, जूता, टोपी, चश्मा और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे।
व्याख्याता भर्ती परीक्षा के बाद अगले माह दिसंबर में सहायक शिक्षक के 2292 और शिक्षक के 1654 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। शिक्षक के रिक्त पद अंग्रेजी, संस्कृत, हिंदी, गणित, सामाजिक विज्ञान और कृषि विषय के हैं। इसी तरह सहायक शिक्षक के लिए 2292 पदों में विज्ञान विषय के 200 पद शामिल हैं।