ओडिशा के कोरापुट रायगढ़ा रेललाइन पर ट्रैक किनारे मिट्टी खिसकी, लिलीगुमा रोली सेक्शन में रेल यातायात प्रभावित
ओडिशा के कोरापुट और रायगढ़ा रेललाइन के लिलीगुमा रोली सेक्शन में ट्रैक के किनारे मिट्टी खिसक गई और सुरंग में पानी भर गया है। इसके कारण ट्रेन परिचालन अस...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 24 Sep 2026 05:06:39 PM (IST)Updated Date: Thu, 24 Sep 2026 05:11:05 PM (IST)
रेलवे ट्रैक पर आए मलबे को हटाते कर्मी। - रेलवे विभागHighLights
- कोरापुट रायगढ़ा रेललाइन पर ट्रैक किनारे मिट्टी खिसकी
- रेलवे की सुरंग में पानी भरने से ट्रेन परिचालन रुका
- रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर जांच कर रही
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। ओडिशा के कोरापुट और रायगढ़ा के बीच स्थित रेललाइन पर लगातार हो रही बारिश के कारण मिट्टी कटाव हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, इस मार्ग के लिलीगुमा रोली सेक्शन में ट्रैक के किनारे अचानक मिट्टी खिसक गई है। इसके अलावा रेलवे सुरंग के भीतर भी पानी भरने की सूचना मिली है। इस वजर से रेल संचालन प्रभावित हुआ है। सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया और तुरंत एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
घटना के सामने आने के बाद रेलवे अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन नंबर 18107 एक्सप्रेस को विशेष सतर्कता और सावधानी के साथ उक्त प्रभावित सेक्शन से सुरक्षित रूप से पास कराया। गनीमत यह रही कि इस दौरान किसी प्रकार की बड़ी दुर्घटना नहीं हुई और ट्रेन सुरक्षित निकल गई। हालांकि, सुरक्षा कारणों और ट्रैक की स्थिति का जायजा लेने के लिए इस मार्ग पर रेल परिचालन पिछले एक घंटे से अधिक समय से अस्थायी रूप से रुका हुआ है।
रेलवे की सुरंग में बहता पानी। - रेलवे
इंजीनियरिंग टीम मौके पर मौजूद
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे के वरिष्ठ इंजीनियरिंग स्टाफ घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया है। यह घटनास्थल जगदलपुर से लगभग 170 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। वर्तमान में रेलवे की विशेषज्ञ टीम ट्रैक की मजबूती, साइड स्लोप और सुरंग के भीतर भरे पानी की स्थिति की बारीकी से जांच कर रही है ताकि जल्द से जल्द स्थिति को सामान्य किया जा सके।
प्रभावित होने वाले मार्ग में ये हैं प्रमुख ट्रेनें
इस रेल मार्ग के बाधित होने से इस रूट पर चलने वाली लंबी दूरी की महत्वपूर्ण गाड़ियों के संचालन पर असर पड़ा है। इस मार्ग से जगदलपुर होकर हावड़ा समलेश्वरी एक्सप्रेस, भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस और राउरकेला इंटरसिटी जैसी प्रमुख ट्रेनों का नियमित परिचालन होता है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक की पूरी तरह से जांच और सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही सामान्य परिचालन बहाल किया जाएगा। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।