
नईदुनिया प्रतिनिधि, जगदलपुर। मेन रोड स्थित शोरूम बाफना हाउस की छत पर 22 वर्षीय युवती का शव फंदे से लटका मिलने से शहर में सनसनी फैल गई। युवती रविवार शाम से लापता थी। रात में उसकी सहकर्मी मोबाइल घर पहुंचाकर बता गई कि वह दुकान पर ही छूट गया है। अगले दिन स्वजन पुलिस के साथ शोरूम पहुंचे तो छत पर उसका शव मिला।
मृतका की मां मुन्नी सागर ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद मां और मोहल्लेवासियों ने चक्काजाम कर निष्पक्ष जांच की मांग की।
मृतका दीपा सागर दंतेश्वरी वार्ड के बैला बाजार की निवासी थी। वह करीब दस दिन पहले ही पूर्व विधायक और भाजपा नेता संतोष बाफना के परिवार के प्रतिष्ठान बाफना हाउस में काम पर आई थी। रविवार शाम घर नहीं लौटने पर स्वजन उसकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान शोरूम में उसके साथ काम करने वाली एक युवती रात में उसका मोबाइल लेकर घर पहुंची। उसने बताया कि दीपा शाम को ही दुकान से चली गई थी और मोबाइल वहीं छोड़ गई थी।
रात में स्वजन शोरूम पहुंचे, लेकिन तब तक दुकान बंद हो चुकी थी। अगले दिन सुबह वे कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस स्वजनों के साथ शोरूम पहुंची। सीसीटीवी फुटेज में दीपा शोरूम की छत पर जाती दिखाई दी, लेकिन वापस नीचे आती नजर नहीं आई। ढूंढने पर सबसे ऊपर छत पर उसका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दीपा की मौत की खबर मिलते ही मां मुन्नी सागर और मोहल्लेवासी आक्रोशित हो गए। उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। स्वजनों का कहना था कि दीपा के हाथों पर खरोंच के निशान थे। उन्हें आशंका है कि उसके साथ संघर्ष हुआ और हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाया गया हो। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। करीब एक घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। अतिरिक्त महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया गया। पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
पुलिस ने दीपा का मोबाइल जब्त कर काॅल रिकार्ड और चैट की जांच शुरू कर दी है। शोरूम के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ वहां काम करने वाले कर्मचारियों और संचालक से भी पूछताछ की जाएगी। कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठी ने बताया कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।