जांजगीर-चांपा (नईदुनिया न्यूज)। खोखसा रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण कार्य में तेजी आ रही है। जांजगीर चांपा रेल मार्ग में खोखसा रेलवे ओवर ब्रिज में बुधवार को पहला गर्डर लांच किया गया।
कार्यपालन अभियंता (कंस्ट्रक्शन) दक्षिण-पूर्व मध्य रेल वेणुगोपाल ने बताया कि गर्डर लांचिंग के लिए रेल प्रशासन से ब्लाक मिलना शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि खोखसा रेलवे ओवर ब्रिज से ऐसे 5 गर्डर और लांच किए जाएंगे। बुधवार को पहला गर्डर लांचिंग के लिए सुबह 3.25 बजे से 6.25 बजे तक 3 घंटे का ब्लाक रेल प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराया गया था। इस ब्लाक में रेलवे इंस्ट्रक्शन विभाग द्वारा खोखसा रेलवे ओवर ब्रिज में पहला गर्डर लांचिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि रेलवे प्रशासन द्वारा खोखसा रेल ओवर ब्रिज में गर्डर लांचिंग के लिए ब्लाक मिलना शुरू हो गया है। आगामी दिवसों में जैसे-जैसे ब्लाक मिलेगा 5 और गर्डर के लांचिंग का काम क्रमशः किया जाएगा। पहला गर्डर लांचिंग के संबंध में वेणुगोपाल ने बताया कि इस गर्डर को सुरक्षित रूप से धीरे-धीरे नीचे उतारा जाएगा। इसके बाद क्रमशः सुरक्षित रूप से नियत स्थान पर अंतिम रूप से स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ब्लाक मिलने से खोखसा रेलवे ओवर ब्रिज पर गर्डर लांचिंग के काम में अब और तेजी आएगी। ज्ञात हो कि 26 दिसंबर को दो घंटे 40 मिनट का मेगा ब्लाक मिला था इस दौरान 16 मीटर का सर्विस नोज लगाया गया था। उसी के सहारे आज गर्डर लांच किया गया। सभी गर्डर लांच होने के बाद सर्विस नोज को हटा लिया जाएगा।
तीन महीने बाद मिला दूसरा ब्लाक
सर्विस नोज और गर्डर लांच के लिए दो ब्लाक मिलने में तीन माह का समय लग गया। अभी पांच गर्डर और लांच किया जाना है। इसी गति से अगर ब्लाक मिला तो इस साल भी रेलवे ओवर ब्रिज से आवागमन शुरू होने की उम्मीद कम है। हर माह भी अगर एक ब्लाक मिलेगा तो तब भी अगस्त सितंबर से पहले ओवर ब्रिज से आवाजाही शुरू नहीं हो सकेगी।