नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवरीनारायण: महानदी का जलस्तर घटते ही रेत माफिया फिर से सक्रिय हो गए हैं। रेत माफियाओं द्वारा अलसुबह से लेकर देर रात तक महानदी में रोजाना 50 से अधिक ट्रैकटरों के माध्यम से लगातार सैकड़ों ट्रिप रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा है। रोजाना सैंकड़ो ट्रैकटर रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन पर स्थानीय प्रशासन द्वारा किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं की जा रही है। ताज़ा मामला शनिवार सुबह सामने आया ज़ब नगर पंचायत के पार्षदों की टीम बैराज के पास रेत घाट पर पहुंची।
जहां बड़ी संख्या में ट्रेक्टरों द्वारा रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था, साथ ही महानदी में लगे बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों में रेत लोड हो रहा था। पार्षदों की टीम ने ज़ब अवैध रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टर चालकों से रेत उत्खनन के संबंध में पूछा तो उन्होंने बताया कि रेत निकालने के एवज में नगर पंचायत के नाम पर ललित कश्यप द्वारा 30 हजार रुपए लिया गया है। रेत घाट का एरिया वार्ड क्रमांक 12 के अंतर्गत आता है। ललित कश्यप की माँ वार्ड नंबर 12 से पार्षद हैं।
इसलिए ललित कश्यप द्वारा रेत घाट कथित अवैध वसूली की जा रही हैं। ट्रेक्टर चालकों ने यह भी बताया कि महानदी में बाढ़ आने के पूर्व भी रेत निकासी के लिए ललित कश्यप द्वारा पैसे लिए गए थे। उन्होंने बताया कि पैसे नहीं देने पर ललित कश्यप द्वारा बैराज के रास्ते पर बेरेकेटिंग कर दी जाती है और गाड़ियों को रोक दिया जाता है। पैसे देने पर ही उसके द्वारा बेरीकेट्स खोलकर ट्रैक्टरों को आने जाने दिया जाता है।
पार्षदों की टीम ने मौके से एसडीएम, तहसीलदार व थाना प्रभारी को फोन कर रेत के अवैध उत्खनन के संबंध में जानकारी दी और कार्रवाई की मांग की। तब नवपदस्थ तहसीलदार लोमेश कुमारी मिरी ने कहा कि रेत घाट का मामला हमारे विभाग के अंतर्गत नहीं आता। इसकी सूचना खनिज विभाग और थाने को दीजिए। इससे साफ जाहिर होता कि जिम्मेदार विभाग के अधिकारी कार्रवाई से कैसे बचना चाहते हैं।
सूचना देने के बाद भी जिम्मेदार विभाग के अधिकारी घंटो तक मौके पर नहीं पहुँचे जिसका फायदा उठाकर रेत माफिया अपनी रेत से भरी गाड़ियाँ लेकर भाग खड़े हुए। पार्षदों की टीम ने बताया नगर पंचायत के नाम पर रेत घाट से लगातार पैसे की वसूली की शिकायतें आ रहीं हैं, जबकि नगर पंचायत द्वारा रेत घाट से किसी भी तरह वसूली नहीं की जा रही है और ना ही ऐसा कोई प्रस्ताव नगर पंचायत द्वारा पारित किया गया है। रेत घाट से नगर पंचायत के नाम पर जो भी वसूली की जा रही है वह पुरी तरह से अवैध है। ज्ञात हो कि लम्बे समय से महानदी में रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन बेरोकटोक जारी है।
रेत माफिया रोजाना ट्रेक्टरों के माध्यम से महानदी का सीना छलनी कर 200 ट्रिप से अधिक रेत चोरी कर रहें हैं। जिससे शासन को लाखों रूपए के राजस्व की हानि हो रही है। रेत के अवैध काले कारोबर पर अंकुश लगाने में जिला प्रशासन के साथ ही स्थानीय प्रशासन भी नाकाम साबित हो रहें हैं। रेत माफियाओ पर ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण रेत माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। रेत घाट पर कार्यवाही की मांग को लेकर पहुँचे पार्षदों में अंकुर गोयल, सुधांशु तिवारी, चेतन विक्की सोनी, धर्मेन्द्र राम व गौरव केशरवानी, प्रकाश सोनी, चेतन शर्मा, राजा सिंघानिया, संदीप यादव शामिल थे।
भाजयुमो जिला महामंत्री पार्षद पुत्र होने के कारण कर रहा वसूली
अवैध रेत परिवहन में संलिप्त ट्रेक्टर चालकों ने बताया कि ललित कश्यप द्वारा रेत निकालने के एवज में पैसा लिया गया है। ललित कश्यप ने नगर पंचायत के नाम पर पैसे लिए हैं। ललित कश्यप ने कहा है कि पैसे देने के बाद नगर पंचायत की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं होगी। चुंकि ललित कश्यप भारतीय जनता युवा मोर्चा का जिला महामंत्री होने के साथ ही वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद रेखा परमानंद कश्यप का पुत्र भी है। इसलिए उसकी बातों पर आकर 30 हजार रुपए नगद दिए हैं।
कांग्रेसियों ने ललित के खिलाफ थाने में की लिखित शिकायत
शनिवार की सुबह रेत घाट में ट्रेक्टर चालकों से अवैध वसूली की बात सामने आने पर नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवशंकर सोनी व मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र यादव के साथ ही कांग्रेसियों द्वारा शिवरीनारायण थाने में ललित कश्यप के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेसियों ने शिकायत में भाजयुमो जिला महामंत्री ललित कश्यप के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेसियो ने ललित कश्यप के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं होने पर उग्र प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
बिना नंबर प्लेट के ट्रेक्टरों से रेत का अवैध परिवहन
रेत माफियाओं द्वारा महानदी से रोजाना सैंकड़ो ट्रिप रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन किया जा रहा है। रेत के परिवहन में लगे सभी ट्रेक्टर वाहनों में नंबर प्लेट नहीं हैं। बिना नंबर प्लेट के ट्रेक्टर वाहन अवैध रेत लोड कर नगर के सड़कों पर फर्राटे भरते नजर आ जाते हैं जिन पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही हैं। ज्यादातर ट्रैक्टरों का पंजीयन क़ृषि कार्यों के लिए कराया जाता है लेकिन उन ट्रेक्टर वाहनों से अवैध रेत का परिवहन किया जाता है। ऐसे वाहनों पर प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।
रेत घाट में नगर पंचायत के नाम पर हो रही अवैध वसूली पुरी तरह से गलत है। नगर पंचायत द्वारा रेत घाट में वसूली के लिए कोई भी प्रस्ताव पास नहीं किया गया है। नगर पंचायत के नाम पर जो भी व्यक्ति रेत घाट से अवैध वसूली कर रहा है। उसके खिलाफ जाँच कर उचित कार्रवाई होनी चाहिए। राहुल थवाईत अध्यक्ष नगर पंचायत शिवरीनारायण..
मेरे ऊपर लगाए जा रहे सारे आरोप बेबुनियाद है। मेरे द्वारा रेत घाट के किसी भी व्यक्ति से कोई पैसा नहीं लिया गया है। मैं खुद रेत घाट को बंद कराने के लिए प्रयासरत हूँ। ताकि वार्डवासियों को धूल से मुक्ति मिल सके।राजनीतिक दुर्भावना के कारण ये आरोप लगाये जा रहे हैं। ललित कश्यप जिला महामंत्री भाजयुमो..