सीएम विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान, शिवरीनारायण में महानदी पर 63 करोड़ से बनेगा नया पुल
शिवरीनारायण महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। महानदी पर 63 करोड़ रुपये की लागत स...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 06:05:15 PM (IST)Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 06:05:15 PM (IST)
मुख्यमंत्री विष्णुदेव सायHighLights
- महानदी पर 63 करोड़ रुपये से नया पुल बनेगा।
- शिवरीनारायण को नगरपालिका बनाने के लिए सर्वे होगा।
- एसटीपी प्लांट और राम वन गमन पथ से विकास।
नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवरीनारायण: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को माता शबरी की पावन नगरी शिवरीनारायण में आयोजित तीन दिवसीय 'शिवरीनारायण महोत्सव' के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने महानदी पर 63 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक नए पुल के निर्माण, गंदे पानी के शोधन के लिए एसटीपी (STP) प्लांट लगाने, राम वन गमन पर्यटन परिपथ के तहत विकास कार्य कराने तथा शिवरीनारायण को नगर पंचायत से उन्नत कर नगरपालिका बनाने के लिए सर्वे कराने की बड़ी घोषणा की। नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत और अन्य जनप्रतिनिधियों की मांग पर मुख्यमंत्री ने इन विकास कार्यों को लेकर शीघ्र पहल करने का आश्वासन दिया है।
नए पुल से मिलेगी जाम से मुक्ति और महानदी संरक्षण
महोत्सव में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री साय ने खरौद मैदान स्थित हेलीपैड पर उतरने के बाद सीधे शिवरीनारायण मंदिर पहुंचकर अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय के साथ भगवान शिवरीनारायण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने गौमाता की पूजा कर मां चित्रोत्पला गंगा की भव्य महाआरती में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत ने पुराने शबरी पुल की जर्जर स्थिति और रोजाना लगने वाले जाम की समस्या से मुख्यमंत्री को अवगत कराया था। इस पर मुख्यमंत्री ने महानदी पर 63 करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बनाने की घोषणा की। इसके अलावा, नदी में गंदे पानी के प्रवाह को रोकने के लिए एसटीपी प्लांट की घोषणा से महानदी को प्रदूषण मुक्त बनाने में बड़ी मदद मिलेगी। राम वन गमन पर्यटन परिपथ के अंतर्गत इस धार्मिक स्थल के विकास से पर्यटन और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
नगरपालिका के लिए होगा सर्वे और अन्य विकास कार्य
शिवरीनारायण को नगर पंचायत से नगरपालिका बनाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने सर्वे कराने की बात कही, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इसके साथ ही पंजीयन कार्यालय, शासकीय महाविद्यालय, महानदी किनारे रिवर फ्रंट के विकास और राम वन गमन पथ में इसे प्राथमिकता देने की मांग पर भी विचार का आश्वासन दिया गया।
इस भव्य आयोजन के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद कमलेश जांगड़े, राजेश्री महंत रामसुंदर दास, भाजपा जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े, नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।