
नईदुनिया न्यूज, खरौद : ग्राम पंचायत तुस्मा में बीती रात दो नकाबपोश युवकों ने घर में घुसकर 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। घर में अकेली रह रही महिला को निशाना बनाकर आरोपित कान और हाथ में पहने जेवर लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले, लेकिन फिलहाल आरोपितों का सुराग नहीं मिल सका है।
जानकारी के अनुसार गुरूवार की रात ग्राम पंचायत तुस्मा के वार्ड क्रमांक छह में दो नकाबपोश युवक बुजुर्ग महिला के घर में घुसे। महिला को अकेला पाकर उन्होंने उसके शरीर पर पहने सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए और मौके से भाग निकले। अचानक हुई इस वारदात से महिला भयभीत हो गई। घटना सामने आने के बाद गांव में दहशत का माहौल है। खासकर घरों में अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में नशे का बढ़ता चलन चिंता का विषय बना हुआ है। उनका कहना है कि नशे की गिरफ्त में आने वाले कुछ असामाजिक तत्व चोरी, लूटपाट और मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। हालांकि तुस्मा की इस वारदात में नशे की भूमिका होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही सामने आएगी। ग्रामीणों का मानना है कि गांवों में बढ़ती संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाना जरूरी है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गांव में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय पुलिस की सक्रियता बढ़ने से ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है। बुजुर्गों और अकेले रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए भी विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।