
जांजगीर चाम्पा। जांजगीर के ग्राम सिवनी में एक शराब दुकान में चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। चोरों ने बीती यहां जमीन से सुरंग बनाई और दुकान की दीवार तोड़कर उसमें प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों की ये पूरी हरकत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई।
मिली जानकारी के मुताबिक जांजगीर के ग्राम सिवनी में एक शराब दुकान में 1 लाख 18 हजार की चोरी हो गई। बदमाशों ने बीती रात दुकान में सेंध लगाई। बदमाशों ने दुकान के बाहर जमीन से सुरंग खोदी और सुरंग के जरिए दुकान की दीवार तोड़कर उसमें प्रवेश किया। इसके बाद बदमाशों ने दुकान में रखे 1 लाख 18 हजार रुपए चोरी कर लिए। रुपए ढूंढने के लिए बदमाश ने पूरी दुकान उथल-पुथल कर दी। बदमाशों द्वारा की गई पूरी वारदात दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई। इन सीसीटीवी तस्वीरों में साफ दिखाई दे रहा है कि बदमाशों ने दुकान की दीवार तोड़कर बनाई सुरंग से दुकान में प्रवेश किया।
चोरी की सूचना पर चांपा थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अपराध पंजीबद्ध किया है और जांच शुरू कर दी है। फारेंसिक टीम ने दुकान में पहुंचकर फिंगर प्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा पुलिस सीसीटीवी तस्वीरों से भी जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस घटना को लेकर दुकान के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है।