
नईदुनिया न्यूज, जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा स्थित एक औद्योगिक इकाई को साइबर ठगों ने ई-मेल हैकिंग के जरिए 28 लाख रुपये की चपत लगा दी। रॉ मटेरियल की खरीद-बिक्री के भुगतान से जुड़े लेन-देन के दौरान ठगों ने कंपनी और सप्लायर के बीच चल रहे ई-मेल संवाद में हस्तक्षेप कर फर्जी बैंक खाते की जानकारी भेज दी। कंपनी प्रबंधन ने उसे वास्तविक मानकर भुगतान कर दिया। बाद में सप्लायर द्वारा रकम नहीं मिलने की जानकारी देने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार चांपा स्थित प्रकाश इंडस्ट्रीज के साथ 28 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। कंपनी का राउरकेला स्थित एक कारोबारी फर्म के साथ रॉ मटेरियल की खरीद-बिक्री का नियमित लेन-देन होता है।
इसी दौरान 18 मई को कंपनी को भुगतान संबंधी एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें बैंक खाते की जानकारी दी गई थी। कंपनी प्रबंधन ने उक्त मेल को वास्तविक मानते हुए 28 मई को बताए गए खाते में 28 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। कुछ समय बाद जब संबंधित सप्लायर से भुगतान की पुष्टि की गई, तब पता चला कि रकम उसके खाते में पहुंची ही नहीं है।
जांच करने पर सामने आया कि किसी अज्ञात साइबर ठग ने ई-मेल के माध्यम से फर्जी खाता विवरण भेजकर कंपनी को धोखे में रखा और पूरी राशि अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। सीएसपी योगिता बाली खापर्डे ने बताया कि प्रकाश इंडस्ट्रीज के अधिकारी विनय दास की शिकायत पर साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह ई-मेल आधारित साइबर फ्रॉड का मामला प्रतीत हो रहा है।
पुलिस बैंक खातों, ई-मेल आईडी और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराधी अब व्यवसायिक लेन-देन को निशाना बनाकर फर्जी ई-मेल और बैंक विवरण के जरिए बड़ी रकम की ठगी कर रहे हैं। पुलिस ने व्यापारिक संस्थानों से भुगतान से पहले बैंक खातों की स्वतंत्र पुष्टि करने की अपील की है।