नई दुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर चांपा: जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसतरा से एक बड़ी खबर सामने आई हैं, जहां तालाब में डूबने से एक साथ चार बच्चों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि शनिवार दोपहर को चारों बच्चे स्कूल से आने के बाद तालाब में नहाने गए थे कि तभी बच्चों के साथ यह हादसा हुआ। चारों बच्चे की उम्र लगभग 5 साल से 8 साल के बीच है। जानकारी के अनुसार बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम भैंसतरा के तालाब में चारों बच्चे नहाने गए थे और इस बीच बच्चे नहाते-नहाते अचानक गहराई में चले गए।
वहीं इस दौरान एक बच्चा गहराई में चले जाने से डूबने लगा। जब वह बच्चा चिल्लाने लगा तो दूसरे बच्चे भी उसके पास उसे बचाने के लिए पहुंचे और इस बीच चारों बच्चे डूब गए। इस घटना की जानकारी तब मिली जब कुछ लोगों ने देखा कि तालाब के किनारे चप्पल पड़े हुई हैं। आशंका यह हुई कि जो लोग नहाने आए थे, वे डूब गए हैं। उसके बाद गांव के लोगों ने डूबे हुए बच्चों का पता लगाने का प्रयास किया। देर शाम तक चारों बच्चों के शव निकाले गए।
चारों मृतक बच्चे अलग-अलग परिवार के थे। इन बच्चों का नाम पुष्पांजलि श्रीवास 8 साल, अशिका यादव 6 साल, तुषार श्रीवास 5 साल, ख्याति केवट है। बच्चों की मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी और मातम फैल गया, साथ ही परिवारवालों का रो-रो कर बुरा हाल है।