
नईदुनिया न्यूज, जांजगीर : रेलवे के आरक्षित ई-टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री के मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) चांपा ने कार्रवाई करते हुए 42 वर्षीय मनोज कुमार आदिले के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपित पर निजी यूजर आईडी से रेलवे टिकट बनाकर ग्राहकों को बेचने और प्रत्येक टिकट पर वास्तविक कीमत से 100 से 200 रुपये तक अतिरिक्त राशि वसूलने का आरोप है।
कार्रवाई के दौरान तीन आरक्षित ई-टिकट, जिनकी कुल कीमत 6,072.70 रुपये है, और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पूछताछ में आरोपित ने अपने मोबाइल से 112 टिकट डिलीट करने की जानकारी भी दी है।
आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, 26 नवंबर को रेलवे सुरक्षा बल साइबर सेल मुख्यालय बिलासपुर से संदिग्ध मोबाइल नंबर 8435344439 और यूजर आईडी माही आनलाइन 123 के माध्यम से अवैध रूप से रेलवे ई-टिकटों का व्यापार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आजादपारा, धाराशिव निवासी मनोज कुमार आदिले को नोटिस देकर आरपीएफ पोस्ट चांपा बुलाया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपित के मोबाइल की जांच की गई। इसमें उसकी व्यक्तिगत यूजर आईडी माही आनलाइन 123 से बनाए गए तीन रेलवे आरक्षित ई-टिकट मिले। इनकी कुल कीमत 6,072.70 रुपये बताई गई है। आरपीएफ ने टिकटों के साथ एक रियलमी सी-53 मोबाइल भी जब्त किया।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह करीब एक वर्ष से निजी यूजर आईडी के माध्यम से रेलवे आरक्षित ई-टिकट बनाकर ग्राहकों को बेच रहा था। इसके एवज में प्रत्येक टिकट पर वास्तविक मूल्य से 100 से 200 रुपये अधिक कमीशन लेता था। टिकटों की बिक्री के लिए वह कोई वैध प्राधिकार पत्र अथवा लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं कर सका।
जांच के दौरान आरोपित ने अपने मोबाइल से 112 टिकट डिलीट करने की बात भी बताई। इस पहलू को मामले की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। आरपीएफ ने आरोपित के विरुद्ध धारा 143 रेलवे अधिनियम के तहत 26 नवंबर को अपराध पंजीबद्ध किया है। उसे धारा 179 रेलवे अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया। अपराध जमानतीय होने के कारण आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया और जमानत संबंधी दस्तावेज पूरे करने के बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।