
नईदुनिया न्यूज, जांजगीर: पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुटराबोड़ हेलीपेड के पास शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की साजिश का राजफाश किया है। पुलिस ने क्लीनिक संचालक पनगांव निवासी जोहित खरे और पामगढ़ के वार्ड आठ के पार्षद रामखिलावन जांगड़े की मौत के मामले में पनगांव निवासी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार किया है। आरोपित ने दस लाख रुपये की उधारी लौटाने के दबाव में शराब में सुहागा मिलाकर दोनों को पिला दिया था।
मामले का राजफाश करते हुए एसपी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि जोहित खरे ने करीब चार महीने पहले आरोपित राजा खरे को 10 लाख रुपये उधार दिए थे। रकम लौटाने के लिए आरोपित ने 5.50 लाख और छह लाख रुपये के दो चेक दिए, लेकिन दोनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद जोहित लगातार रकम वापस मांग रह था। घटना वाले दिन भी फोन पर पैसों को लेकर बातचीत हुई थी।
आरोपित ने मुकेश कश्यप से शराब मंगवाई और जोहित खरे व रामखिलावन जांगड़े को हेलीपेड के पास बुलाया। आरोप है कि उसने शराब में सुहागा मिलाकर दोनों को पिला दिया। तबीयत बिगड़ने पर दोनों को बिलासपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक जोहित खरे की बेटी मनीषा खरे की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर साइबर तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयान और घटनास्थल के पुनर्निर्माण के आधार पर जांच की। आरोपित के पास से पुलिस ने शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।