
नईदुनिया न्यूज, जांजगीर : जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुलमुला पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 4.258 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त दो बाइक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में कुछ लोग अवैध रूप से गांजे की तस्करी और बिक्री कर रहे हैं। सूचना पर मुलमुला पुलिस ने टीम गठित कर बोरसी से कोसा जाने वाले मार्ग पर पुल के पास घेराबंदी की। इस दौरान तीन संदिग्धों को पकड़ा गया।
तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 4.258 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों में गणेश अग्रवाल (45), बोरसी थाना मुलमुला, रामसागर कौशिक (53) और एस. कुमार दिवाकर (32), दोनों निवासी व्यासनगर थाना पामगढ़ शामिल हैं। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।