कोतवाली पुलिस का सघन सत्यापन अभियान, दूसरे राज्यों से आए 150 मजदूरों की हुई जांच; जांजगीर में बड़ी कार्रवाई
जांजगीर कोतवाली पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन सत्यापन अभियान चलाया। 50 पुलिसकर्मियों की टीमों ने दूसरे राज्यों से आए 150 मजदूरों और 130 संदिग्धों के दस्तावेजों व फिंगरप्रिंट की जांच की। एसपी विजय कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
Publish Date: Thu, 06 Aug 2026 01:56:32 PM (IST)Updated Date: Thu, 06 Aug 2026 01:56:32 PM (IST)
50 पुलिसकर्मियों की पांच टीमों ने की कार्रवाई:HighLights
- पांच टीमों के 50 पुलिसकर्मियों ने गांवों और औद्योगिक क्षेत्र में चलाया विशेष अभियान।
- पश्चिम बंगाल से आए मजदूरों समेत 130 संदिग्धों से पूछताछ।
- कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आगे भी जारी रहेंगे ऐसे अभियान।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जांजगीर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को थाना क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान दूसरे राज्यों से आकर रह रहे मजदूरों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच की गई तथा उनका सत्यापन किया गया।
थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पांच अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। करीब 50 पुलिसकर्मियों ने थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बनारी, पुटपुरा, तिलई एवं धनवा सहित औद्योगिक क्षेत्र और रेलवे स्टेशन के आसपास सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान औद्योगिक क्षेत्र एवं रेलवे स्टेशन के आसपास कार्यरत दूसरे राज्यों से आए लगभग 150 मजदूरों का सत्यापन किया गया।
पश्चिम बंगाल से आए मजदूरों सहित 130 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ
ग्राम बनारी, पुटपुरा, तिलई और धनवा में किराए के मकानों में रह रहे पश्चिम बंगाल से आए मजदूरों सहित 130 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए कंट्रोल रूम लाया गया। यहां सभी से अलग-अलग पूछताछ की गई और उनके आधार सहित अन्य पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। भविष्य में अपराध नियंत्रण और पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उनके फिंगरप्रिंट भी लिए गए।
आगे भी लगातार चलाए जाएंगे अभियान : एसपी पांडेय
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में अपराधों की रोकथाम, कानून -व्यवस्था बनाए रखने तथा बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के सत्यापन अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास रहने वाले बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों की जानकारी संबंधित थाना को उपलब्ध कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।