जांजगीर-चांपा। (नईदुनिया न्यूज)। राज्य सरकार जिला मुख्यालयों में पहले से संचालित शासकीय बहुउद्देशीय (मल्टीपरपज) हायर सेकंडरी स्कूलों को ही स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल के रूप में विकसित करेगी। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव ने कलेक्टर को पत्र भेजकर एक सप्ताह के भीतर प्रस्ताव मंगाया है। शिक्षक दिवस के दिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसकी घोषणा की थी। इसके तहत जिला मुख्यालय जांजगीर के खोखराभाठा में संचालित हायरसेकेंडरी स्कूल क्रमांक दो को उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल बनाया जाएगा। जल्द ही इसके लिए प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा।
राज्य सरकार अब अंग्रेजी माध्यम स्कूल की तर्ज पर ही उत्कृष्ठ हिन्दी माध्यम स्कूल खोलेगी। इसके लिए प्रत्येक जिला मुख्यालय के शासकीय बहुउद्देशीय उधातर माध्यमिक विद्यालय को स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम स्कूल के रूप में विकसित किया जाना है। इन स्कूलों को उत्कृष्ट स्कूलों में विकसित करने के साथ-साथ राष्ट्रभाषा हिन्दी में अध्ययन की उत्तम व्यवस्था की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डा. आलोक शुक्ला की ओर से कलेक्टर को भेजे पत्र में कहा गया है कि ऐसे ही स्कूल का चयन कर उसके नवीनीकरण करने की पूरी योजना भी मांगी गई है। जिस प्रकार स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का विकास किया गया है, उसी गुणवत्ता के साथ इन स्कूलों को भी विकसित किया जाना है। इसके लिए भवन का बाहरी स्वरूप को बदलना नहीं है। स्कूल शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि नवीनीकरण की प्रक्रिया में स्कूल की मौजूदा इमारत को तोड़ना नहीं है। उसका बाहरी स्वरूप नहीं बदला जाएगा। भवन का जीर्णोद्घार करके उसको न्या स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए किसी आर्किटेक्ट की सेवाएं लेने को भी कहा गया है।
स्कूल में रहेगी सभी आधुनिक सुविधाएं
स्कूलका बाहरी स्वरूप पुराना ही रहेगा, लेकिन अंदर शिक्षण की सभी आधुनिक सुविधाएं रहेंगी। उसकी सभी प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और अन्य सामग्री आधुनिक होंगी। विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर, खेल सामग्री, कला सामग्री, कम्प्यूटर लैब आदि में आधुनिकता की कोई कमी नहीं होगी।
'' जिला मुख्यालय में पहले से संचालित शासकीय बहुउद्देशीय हायर सेकंडरी स्कूल को ही स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम स्कूल के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके तहत खोखराभाठा में संचालित बहुउद्देशीय हायर सेकंडरी स्कूल क्रमांक - 2 को आत्मानंद हिन्दी माध्यम स्कूल बनाया जाएगा। जल्द ही प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा।
डीके कौशिक
डीईओ, जांजगीर