अकलतरा (नईदुनिया न्यूज)। रेल संघर्ष एवं नगरवासियों के द्वारा आंदोलन के पश्चात अकलतरा स्टेशन में वित्तीय वर्ष 2019-20 में कोच इंडिकेशन बोर्ड लगाना स्वीकृत हुआ था। लेकिन लॉकडाउन के कारण इस कार्य में विलंब हो गया। लॉकडाउन के हटने के बाद भी रेलवे स्टेशन में कोच इंडिकेशन बोर्ड नहीं लगाये जाने से नगरवासियों में आक्रोश पनप रहा है। रेल प्रशासन की कार्य प्रणाली पर असंतोष जताते हुए रेल संघर्ष समिति के संतोष अग्रवाल ने बताया कि नगर वासियों के लगातार आंदोलन के पश्चात रेल प्रशासन द्वारा रेलवे स्टेशन में कोच इंडिकेशन बोर्ड की स्वीकृति दी गई थी लेकिन लंबे समय तक इसका कार्य नहीं होने पर विधायक सौरभ सिंह एवं रेल संघर्ष समिति के द्वारा रेलवे के अधिकारियों से इस संबंध में जानकारी ली । तब पता चला कि ठेकेदार द्वारा स्वयं खर्च कर कोच इंडिकेशन संबंधित सामान रेल अधिकारियों को सुपुर्द कर दिया गया है लेकिन फंड की कमी बताकर रेल प्रशासन द्वारा कोच इंडिकेशन बोर्ड नहीं लगाया जा रहा है। काफी मेहनत के बाद पूरी हुई इस मांग के प्रति रेलवे के असंवेदनशील रवैये से विधायक सौरभ सिंह को अवगत कराकर उनके नेतृत्व में समिति का प्रतिनिधि मंडल शीघ्र रेलवे के अधिकारियों से मिलकर कोच इंडिकेशन बोर्ड लगाने समेत नगर की कुछ अन्य लंबित मांगो को भी पूरा करने की मांग करेगा। बावजूद इसके कोच इंडिकेशन बोर्ड नहीं लगने पर आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
संविधान दिवस पर प्रस्तावना का किया गया वाचन
अकलतरा (नईदुनिया न्यूज)। संविधान दिवस के अवसर पर डा. अंबेडकर विचार युवा संगठन द्वारा अंबेडकर चौक में संविधान दिवस मनाया गया। संस्था के सदस्यों के द्वारा अंबेडकर की प्रतिमा के सामने कैंडल जलाकर भारतीय संविधान के प्रस्तावना का वाचन किया गया। संगठन के अध्यक्ष विकास भारद्वाज ने कहा कि भारतीय संविधान के कारण ही देश का प्रत्येक नागरिक अपने-आप को सुरक्षित महसूस करता है। संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों की वजह से देश का प्रत्येक नागरिक अपने ढंग से जीवन यापन करने को स्वतंत्र है। कार्यक्रम में सूरज भारती, विजय खाण्डेल, छोटू सोनवानी, राजा भारते, मुकेश भारद्वाज, देवेन्द्र खाण्डेल, दीपक सिन्हा, संदीप टण्डन, छोटू बंजारे, जितेन्द्र ओग्रे, दिनेश बंजारे, अश्वनी भारती, जय प्रकाश खांडेकर, रितेश भारती, मनीष ओग्रे, मनोज राय, लखेश्वर भुवने, अजय टण्डन, संदीप सिन्हा, सागर सिन्हा, विक्रांत खाण्डेल, रमाकांत भारते, विजय टण्डन, मोनू भुवने, अजय भारद्वाज एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।