जांजगीर- चांपा । जांजगीर-चाम्पा जिले के नवनियुक्त कलेक्टर आकाश छिकारा ने आज कलेक्टोरेट कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। वे जिले के 21 वें कलेक्टर होंगे। भारतीय प्रशासनिक सेवा 2017 बैच के अधिकारी आकाश छिकारा इससे पूर्व गरियाबंद जिले में कलेक्टर के पद पर पदस्थ थे। पदभार ग्रहण के दौरान कलेक्टर कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने नव नियुक्त कलेक्टर का स्वागत किया।
इस दौरान अधिकारी-कर्मचारियों से उन्होंने कहा कि संवेदनशीलता के साथ समाज के हर वर्ग के कार्याें को करना है और जो हमें अवसर प्राप्त हुआ है उसके अनुसार दायित्वों का निर्वहन समय सीमा के भीतर करना है। कलेक्टर ने सभी अधिकारी- कर्मचारियों को अपना परिचय देते हुए सभी का परिचय भी लिया। इस अवसर पर जिला कार्यालय में पदस्थ सभी अपर कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। यहां पदस्थ कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी का स्थानांतरण दुर्ग कलेक्टर के पद पर हुआ है।
उनके स्थान पर गरियाबंद जिले के कलेक्टर आकाश छिकारा की यहां पदस्थापना हुई है। वे मूलत: हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुर गढ़ तहसील के कानौंदा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने यूपीएससी द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा में 73 वां रैंक हासिल किया था। उन्होंने नेता जी सुभाष चंद्र बोस इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालाजी से इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्यूनिकेशन में बीटेक किया है। गेट की परीक्षा भी उन्होंने 99.99 परसेंटाइल से क्रेक किया था।