जांजगीर: चौक-डस्टर छोड़ इश्कबाजी में डूबे गुरुजी! स्कूल में किया 'रोमांस' तो कलेक्टर ने किया सस्पेंड
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बोड़सरा के एक शासकीय स्कूल में शिक्षक और शिक्षिका द्वारा शाला परिसर के भीतर आपत्तिजनक कृत्य करने का व...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 03 Jul 2026 01:56:36 PM (IST)Updated Date: Fri, 03 Jul 2026 01:56:36 PM (IST)
स्कूल में आपत्तिजनक कृत्यHighLights
- बोड़सरा स्कूल परिसर में अमर्यादित कृत्य का वीडियो वायरल
- कलेक्टर के कड़े निर्देश पर जांजगीर डीईओ का बड़ा एक्शन
- शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाले शिक्षकों पर गिरी गाज
नईदुनिया प्रतिनिधि जांजगीर-चांपा। जिले के एक शासकीय स्कूल में शिक्षक और शिक्षिका द्वारा कथित आपत्तिजनक कृत्य का वीडियो प्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने मामले की जांच कराई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार पिछले दिनों इंटरनेट मीडिया पर नवागढ़ ब्लाक के ग्राम बोड़सरा के स्कूल का एक वीडियो प्रसारित हुआ था, जिसमें स्कूल परिसर के भीतर शिक्षक और शिक्षिका आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे थे। मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने गंभीरता दिखाते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान संबंधित शिक्षकों की पहचान विद्यालय के स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा की गई।विभागीय जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों के उल्लंघन का मामला मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई।
निलंबन अवधि के दौरान संबंधित शिक्षक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, नवागढ़ तथा शिक्षिका का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अकलतरा निर्धारित किया गया है। नियमानुसार दोनों को जीवन-निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी शिक्षकों से उच्च नैतिकता, अनुशासन और आदर्श आचरण की अपेक्षा की जाती है। विद्यालय जैसे पवित्र स्थान पर इस प्रकार की घटना न केवल शिक्षा व्यवस्था की गरिमा को ठेस पहुंचाती है, बल्कि विद्यार्थियों और समाज के बीच गलत संदेश भी देती है। विभाग ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।