
नईदुनिया न्यूज सक्ती: सक्ती जिले के बहुचर्चित फर्जी एसबीआई बैंक शाखा खोलकर ठगी मामले में पुलिस को एक और सफलता मिली है। ग्राम छपोरा में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शाखा के नाम पर फर्जी बैंक संचालित कर बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले तीन और फरार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपितों ने बैंक में कैशियर के पद पर नियुक्ति दिलाने का प्रलोभन देकर छह लोगों से कुल 7 लाख 71 हजार 800 रुपये की ठगी की थी।
जानकारी के अनुसार एसबीआई क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा के प्रतिनिधि जीवराखन कावड़े द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि कुछ लोगों ने ग्राम छपोरा में फर्जी एसबीआई बैंक स्थापित कर रखा है। आरोपित स्वयं को बैंक से जुड़ा बताकर बेरोजगार युवाओं को नौकरी का लालच देते थे और उनसे मोटी रकम वसूलते थे।
इतना ही नहीं, पीड़ितों को विश्वास में लेने के लिए फर्जी नियुक्ति पत्र भी जारी किए गए थे। शिकायत के आधार पर मालखरौदा थाना में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने पाया कि यह एक सुनियोजित ठगी का नेटवर्क था, जिसमें कई लोग शामिल थे।
मामले में पहले भी अनिल भास्कर, नरेंद्र साहू, हीरा दिवाकर उर्फ कुणाल दिवाकर, टुकेश्वर दास महंत, सुभद्रा महंत तथा पंकज टंडन सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं शेष फरार आरोपितों के विरुद्ध न्यायालय में अभियोग पत्र भी प्रस्तुत किया गया था। पुलिस टीम लगातार फरार आरोपितों की तलाश कर रही थी।
इसी के तहत 13 जून को पुलिस ने मंथिर दास (32 वर्ष), रेखा साहू (35 वर्ष) और मिलन साहू (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान तीनों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फर्जी बैंक, फर्जी नियुक्ति पत्र और नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित पीड़ितों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर तोरवा में दुस्साहस; पानी मांगने के बहाने घर में घुसे युवक, किशोरियों को धमकाकर की नगदी लूट