नईदुनिया न्यूज, बलौदा : थ्रेसर से धान की मिसाई करते समय अचानक ट्रैक्टर में आग लगने से किसान का लगभग एक एकड़ का धान की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गया।बलौदा ब्लाक के ग्राम मदनपुर में शनिवार दोपहर लगभग एक बजे किसान राजकुमार बिंझवार पिता नत्थूराम का अपने कोठार में थ्रेसर से धान मिसाई करा रहा था।
ट्रैक्टर से धान की कटाई के दौरान ट्रैक्टर के इंजन से उठी चिंगारी से धान की फसल में आग लग गई। आग लगते ही खलिहान में अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की लेकिन आग फैलते गई। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। जिस पर मड़वा पावर प्लांट से फायर ब्रिगेड आने के बाद आग पर काबू पाया गया।
केराकछार में हसदेव नदी पर खुले आम रेत का अवैध खनन
बलौदा : रेत के अवैध उत्खनन से शासन को लाखों रुपये राजस्व की क्षति हो रही है। मगर विभाग के अधिकारियों को इससे कोई सरोकार नहीं है क्योंकि अधिकारियों के सह पर ही अवैध उत्खनन जारी है। कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई जाती है। बलौदा ब्लाक के ग्राम केराकछार में हसदेव नदी पर खुले आम रेत का अवैध उत्खनन हो रहा है। ग्राम पंचायत केराकछार के द्वारा रेत का प्रति ट्रैक्टर 600 रुपये लिया जा रहा है। बिना रायल्टी के रेत का खुले आम परिवहन हो रहा है। प्रतिदिन यहां 200 से 250 ट्रैक्टर रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है।
ऐसा नहीं है कि जिला खनिज विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है। अधिकारियों की सह पर ही रेत का अवैध उत्खनन चल रहा है। शिकायत होने पर खनिज विभाग के अधिकारी केराकछार में रेत अवैध उत्खनन कराने वालों को फोन कर जानकारी दे देते हैं। अधिकारियों की टीम केवल औपचारिकता निभाने पहुंचती है।
रेत उत्खनन कर परिवहन करने वालों का बकायदा एक व्हाट्सएप ग्रुप बना है जिसमें सभी को जानकारी दी जाती है कि आज घाट बंद रहेगा अधिकारी आ रहे हैं। केराकछार में हसदेव नदी का सीना चीरकर बिना रायल्टी के रेत खनन कर सरकार को करोड़ों रूपए का चूना लगा चुके हैं और यह खेल अनवरत जारी है।