
नईदुनिया न्यूज जांजगीर : ग्राम उदयबंद में आयोजित एक कथित ईसाई चंगाई सभा को लेकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस जांजगीर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पास्टर सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने मौके से बाइबल सहित ईसाई धर्म से संबंधित साहित्य और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार हिंदू जागरण मंच के जिला संपर्क प्रमुख सतीश सोनी ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि ग्राम उदयबंद के गुड़ीपारा में बद्रीनाथ बरेठ अपने निवास पर बाहरी लोगों को बुलाकर चंगाई सभा का आयोजन कर रहा था। आरोप है कि सभा में लोगों को बीमारी ठीक करने और चमत्कारी जल पिलाने का दावा करते हुए ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था तथा हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना सिटी कोतवाली में धारा 299 एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। मामले की सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा सीएसपी योगिता बाली खापर्डे को दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली थाना प्रभारी जेपी गुप्ता ने पुलिस टीम के साथ ग्राम उदयबंद पहुंचकर कार्रवाई की।
मौके पर चंगाई सभा संचालित होते मिली : थाना प्रभारी
थाना प्रभारी जेपी गुप्ता ने बताया कि मौके पर चंगाई सभा संचालित होते मिली, जहां पास्टर रथराम महिलांगे द्वारा धार्मिक पुस्तकों का वितरण और धर्म प्रचार किया जा रहा था। जांच के दौरान मकान मालिक बद्रीनाथ बरेठ और पास्टर रथराम महिलांगे को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने लोगों को बुलाकर धर्म प्रचार करने और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में प्रेमी की बेवफाई और प्रताड़ना से तंग आकर PSC छात्रा आयुषी ने दी जान, आरोपित के खिलाफ केस दर्ज