
नईदुनिया न्यूज, बम्हनीडीह : ग्राम पंचायत बरबसपुर में संचालित रेत भंडारण को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने भंडारण की निर्धारित क्षमता से अधिक रेत रखने, दिन में बिक्री और रात में चैन माउंटेन मशीन से दोबारा भंडारण भरने का आरोप लगाया है।
उनका दावा है कि हसदेव नदी से रेत की आवक और भंडारण में पहुंचने वाली मात्रा की निष्पक्ष जांच की जाए तो कई अनियमितताएं सामने आ सकती हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले को लेकर खनिज विभाग की निगरानी और कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने आरोपों के आधार पर भंडारण की वास्तविक स्थिति, रेत के स्रोत और परिवहन संबंधी दस्तावेजों की जांच की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार बरबसपुर स्थित रेत भंडारण से दिनभर रेत की बिक्री और परिवहन होता है, जबकि रात में चैन माउंटेन मशीन लगाकर खाली हुए भंडारण को फिर से भर दिया जाता है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि निर्धारित भंडारण क्षमता के बावजूद लगातार इतनी बड़ी मात्रा में रेत कहां से लाई जा रही है।
उन्होंने हसदेव नदी से रेत निकासी की आशंका जताते हुए खनन क्षेत्र की अनुमति, रायल्टी भुगतान और परिवहन दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि हाइवा वाहनों को सीधे नदी में उतारकर रेत की लोडिंग की जा रही है। यदि ऐसा हो रहा है तो यह खनिज परिवहन और खनन संबंधी नियमों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन एवं भंडारण) नियम, 2009 के नियम 13 के तहत भंडारण संचालक को निर्धारित अनुमति के अनुरूप ही खनिज का भंडारण करना होता है। रेत की आवक, जावक और शेष स्टाक का रिकार्ड रखना भी आवश्यक है। ऐसे में ग्रामीणों ने भंडारण स्थल के स्टाक रजिस्टर, रायल्टी भुगतान, ट्रांजिट पास और मौके पर मौजूद वास्तविक रेत की मात्रा का मिलान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि दस्तावेजों और भौतिक सत्यापन से ही स्पष्ट हो सकेगा कि भंडारण में रखी रेत वैध स्रोत से आई है या नहीं।
ग्रामीणों के अनुसार भंडारण में उत्तरप्रदेश निवासी राघवेंद्र नामक व्यक्ति मुंशी के रूप में काम करता है। आरोप है कि उसने अपने क्षेत्र के कुछ लोगों को काम पर रखा है और स्थानीय ग्रामीणों पर दबाव बनाने की कोशिश की जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि भंडारण संचालन को लेकर गांव में कई बार विवाद की स्थिति बन चुकी है। विरोध करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से संबंधित व्यक्ति की भूमिका की जांच करने के साथ स्थानीय ग्रामीणों की शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
बरबसपुर से बिलासपुर की ओर रेत परिवहन करने वाले भारी वाहनों की आवाजाही से गांव की सड़कें जर्जर होने का आरोप भी ग्रामीणों ने लगाया है। उनके अनुसार कम क्षमता वाली सड़कों पर लगातार भारी और ओवरलोड हाइवा चलने से जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने भंडारण से जुड़े व्यक्ति के खनिज विभाग के कुछ कर्मचारियों से अच्छे संबंध होने का आरोप लगाते हुए यह भी सवाल उठाया है कि लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन और खनिज विभाग से मौके पर पहुंचकर भंडारण की क्षमता, रेत के स्रोत, स्टॉक, रॉयल्टी, परिवहन और ओवरलोडिंग की जांच कराने की मांग की है।