सक्ती (नईदुनिया न्यूज)। राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पहली बार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत के गृह विधानसभा क्षेत्र में आगमन हो रहा । मुख्यमंत्री बघेल बुधवारी बाजार ग्राउंड में उतरेंगे और वहां से सीधे स्व. बिसाहू दास महंत की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस दौरान वे बुधवारी बाजार ग्राउंड में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री के पहली बार एवं नवीन जिला सक्ती की घोषणा के बाद प्रथम बार आगमन को लेकर सक्ती विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं। शहर के प्रमुख मार्गों अग्रसेन चौक, बुधवारी बाजार, गौरव पथ मार्ग, अग्रसेन चौक से नवधा चौक,हटरी रोड, बुधवारी बाजार,गुरुद्वारा मार्ग, हटरी हास्पिटल रोड में जहां जगह-जगह होडिंग्स एवं फ्लेक्स लगाए जा रहे हैं। वहीं बुधवारी बाजार ग्राउंड में भी आम सभा स्थल पर बड़ डोम पंडाल लगाया जा रहा है। गर्मी को देखते हुए आम सभा में शामिल लोगों को परेशानियां न हो इस दृष्टिकोण से जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के आगमन पर जनसभा की तैयारियों में जुटा हुआ है। विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत एवं प्रभारी मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने भी कांग्रेस नेताओं के साथ आम सभा स्थल हेलीपैड एवं प्रतिमा अनावरण स्थल का निरीक्षण कर दिशा निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। तैयारियों में सक्ती विधानसभा क्षेत्र के सभी कांग्रेस नेताओं के साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष त्रिलोकचंद जायसवाल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, पिंटू ठाकुर, एडवोकेट गिरधर जायसवाल, अमित राठौर, राजेश राठौर, मनहरण राठौर, ठाकुर गुलजार सिंह, उगेंद्र अग्रवाल, नरेश गेवाडीन, ईश्वर लोधी सहित सभी नेता जुटे हुए हैं ।
होर्डिग्स लगाने मची होड़
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर होर्डिंग्स लगाने की भी होड़ मची हुई है। जगह-जगह कांग्रेस के बड़े नेता अपने होडिंग्स लगवा रहे हैं। वहीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम बुधवारी बाजार ग्राउंड को भी रंग रोगन कर साफ सफाई किया जा रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों में भी रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नगर पालिका कर रही है।