
नईदुनिया प्रतिनिधि,जशपुरनगरः तेज रफ्तार बाईक अनियंत्रित हो कर बाईक के पीछे घुस गई। हादसे में बाईक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के गिरांग मोड़ के पास हुई। जानकारी के अनुसार मृतक संजय राम रौतिया,शहर के नजदीकी गांव गम्हरिया का रहवासी था।
मंगलवार की दोपहर को वह होटल से खाना ले कर अपनी बाईक क्रमांक डब्लूबी 74 बीबी 4970 से जकबा की ओर जा रहा था। इसी दौरान एनएच 43 में गिरांग मोड़ के पास उसकी बाईक कोयला लेकर जशपुर से झारखंड की ओर जा रही ट्रक क्रमांक बीआर 22 जीबी 9723 की पीछे घुस गई।
मृतक के स्वजनों का आरोप है कि ट्रक के अचानक लहरा जाने से संजय हड़बड़ा गया और उसकी बाईक ट्रक के पीछे जा कर घुस गई। दुर्घटना के बाद बाईक ट्रक के पिछले हिस्से के बंफर में बुरी तरह से फंस गई और लगभग सवा मीटर से अधिक दूरी तक घसीटते चली गई। दुर्घटना में बाईक चालक संजय रौतिया की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुटी हुई है।
एक साल में सड़क दुर्घटना में गई 310 की जान
उद्योग व रेलविहिन जशपुर जिले में सड़क दुर्घटना में बीते साल वर्ष 2025 में 310 लोगों की जानें गई थी। पुलिस विभाग के आंकड़े के अनुसार 2025 में जिले में सड़क दुर्घटना में 458 मामले दर्ज किये गए थे। इनमें 310 लोगों की मृत्यु हुई थी और 206 लोग घायल हुए थे।
पुलिस के अनुसार जिले में सड़क दुर्घटना के 90 प्रतिशत मामले शराब के नशे में वाहन चलाने,तेज गति और हेलमेट व सीट बेल्ट जैसे सुरक्षा उपायों की अनदेखी की कारण होती है। पुलिस प्रशासन इन दिनों हेलमेट व सीट बेल्ट के प्रयोग के लिए जागरूकता अभियान के साथ कार्रवाई भी कर रही है।