
नईदुनिया प्रतिनिधि, जशपुरनगर: जिले के तपकरा थाना क्षेत्र के साजबहार में हुए तिहरे हत्याकांड के आरोपी प्रमोद गिद्धि को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पुलिस से बचने के पड़ोसी राज्य झारखंड भाग गया था। आरोपी प्रमोद ने मृतिका सुभद्रा चौहान और दोनों बच्चों का बेल्ट से गला घोंट कर हत्या करने का अपराध कबूल कर लिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए पांच टीम गठित की गईं थी। टीमें आरोपी के रिश्तेदार और परिचितों के यहां छापा मार रही थी।
इस बीच टेक्निकल टीम ने आरोपी के मोबाइल फोन को ट्रेस किया तो पता चला कि वह झारखंड में रांची की ओर भागा है। इस पर एक टीम ने रांची के आसपास डेरा डाल दिया। पुलिस से बचने की फिराक में आरोपी प्रमोद ने अपना मोबाईल फोन बंद कर दिया था। लेकिन पुलिस मोबाइल को ट्रेसिंग में डाल कर लगातार वॉच कर रही थी। इस बीच रांची के नजदीक बीती रात आरोपी ने अपने मोबाईल को ऑन किया। जिससे पुलिस को उसका लोकेशन मिल गया और रांची में डेरा जमाए जशपुर पुलिस की टीम ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी प्रमोद गिद्धि ने बताया मृतिका सुभद्रा चौहान, अपने पति संतोष चौहान से अलग हो कर एक घर में रहा करती थी। बीते दो साल से उसके उससे प्रेम संबंध था। कुछ समय से उसके मन में संदेह पैदा हो गया था कि सुभद्रा का गांव के ही किसी और से संबंध हो गया था। इसी बात को लेकर बीते कुछ समय से दोनों के बीच विवाद हो रहा था। शनिवार को आरोपी ने मृतिका सुभद्रा को उतियाल नदी के किनारे स्थित जंगल में मिलने बुलाया।
बातचीत के दौरान दूसरे लोगों से संबंध को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद से भड़के आरोपी ने बेल्ट से गला घोंट कर सुभद्रा की हत्या कर दी और शव को झाड़ियों के बीच डाल दिया। इसके बाद उसने मृतिका की बेटी को मां के बेहोश हो जाने का झांसा देकर मौके पर बुलाया और उसकी भी गला घोंट कर हत्या कर दी। आखिर में वह घर जा कर मृतिका के छोटे बेटे को लेकर आया और उसकी भी हत्या कर दोनों शव को नदी के बालू में दबा दिया। घटना के समय आरोपी शराब के नशे में धुत्त था। मामले पर कार्रवाई करते हुए तपकरा पुलिस ने आरोपी प्रमोद गिद्धि के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103 (1),238 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है।
तिहरे हत्याकांड की दो दिन तक किसी को भनक नहीं लगी। रविवार को आरोपी प्रमोद शराब के नशे में धुत्त हो कर तीन लोगों की हत्या कर शव को नदी किनारे दफना देने की बात करने लगा, तब स्थानीय निवासियों को संदेह हुआ और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने उतियाल नदी के आसपास तलाशी लेने पर तीनों शव बरामद किए थे।
आरोपित प्रमोद गिद्धि को झारखण्ड के रांची से गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में अपराध कायम कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी की जा रही है- शशि मोहन सिंह, एसएसपी, जशपुर।