
नईदुनिया प्रतिनिधि, जशपुरनगर। शहर के समीपस्थ गांव जबला में शुक्रवार की सुबह कड़ाके की सर्दी के बीच मतांतरण के विरुद्ध मोर्चा खोलते हुए ग्रामीण एकजुट हुए। ग्रामीणों ने पेसा एक्ट के तहत ग्राम सभा का आयोजन करके मतांतरितों के धर्मगुरु फादर, पास्टर और सिस्टर के प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया है। जशपुर की भाजपा विधायक रायमुनी भगत और जनपद अध्यक्ष गंगा राम भगत की उपस्थिति में सूचना बोर्ड लगा दिया गया।
जबला के डानटोली में आयोजित ग्राम सभा में यहां के पटेल रैनू भगत ने बताया कि गांव में मतांतरितों की हलचल लगातार बढ़ रही थी। उन्होंने बताया आसपास के गांव में मतांतरण की घटना लगातार हो रही है। यहां तक कि पास के गांव में एक यादव परिवार का मतांतरण हो गया है।
इसके बाद से गांव में चंगाई सभा और प्रार्थना सभा के आयोजन पर रोक की मांग स्थानीय रहवासी कर रहे थे। इस पर शुक्रवार को ग्राम सभा का आयोजन कर, सर्वसम्मति से फादर, पास्टर और सिस्टर के गांव में प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है।
ग्रामीण परमेश्वर राम ने बताया कि आदिवासी चोटी वाले होते हैं, इसलिए गांव में मतांतरण नहीं होने देंगे। उन्होंने बताया कि गांव में मतांतरण के लिए बाहरी लोगों का आना जाना बढ़ रहा था। इसलिए ग्राम सभा का आयोजन कर, मतांतरण के लिए आने वाले बाहरी लोगों के गांव में प्रवेश को प्रतिबंधित कर दिया गया है।
ग्राम सभा और गांव में बोर्ड लगाने के दौरान उपस्थित जनपद पंचायत जशपुर के अध्यक्ष गंगा राम भगत ने बताया कि जबला आदिवासी बाहुल्य गांव है। यहां मतांतरण को रोकने के लिए ग्रामीणों ने ग्राम सभा का आयोजन कर प्रतिबंध लगाया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी सोगड़ा, चड़िया, डुमरटोली और टेम्पू गांव में भी इस तरह का प्रतिबंध ग्रामीण लगा चुके हैं। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
ग्राम सभा के आयोजन पर उपस्थित जशपुर की विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि पेसा एक्ट के तहत अधिसूचित क्षेत्र के गांव के रहवासियों को अपनी संस्कृति और परम्परा को संरक्षित करने का अधिकार है। जबला में इसी के अंतर्गत ग्रामीणों ने ग्राम सभा का आयोजन कर प्रस्ताव पारित किया है। इससे गांव में अब मतांतरण के लिए चंगाई सभा और प्रार्थना सभा के आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया है।