
नईदुनिया प्रतिनिधि,जशपुरनगरः गांव में हथियार लहरा कर दहशत फैलाएं जाने की सूचना पर मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम पर आरोपित ने हमला कर दिया। दौली से किये गए हमले में एक आरक्षक घायल हो गया और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गई।
मामला लोदाम थाना क्षेत्र के मंडी बेरियर का है। वहीं दूसरे मामले में पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया है।
डायल-112 वाहन के शीशे टूटे, आरक्षक घायल
लोदाम के थाना प्रभारी कृष्णा साहू ने बताया कि 15 अक्टूबर की रात करीब पौने दो बजे लोदाम मंडी बैरियर के पास एक व्यक्ति के हथियार लहराने की सूचना मिली थी। डायल-112 टीम मौके पर पहुंची तो लोदाम निवासी योगेश कुमार भगत (30) धारदार दाउली लिए मिला।
पुलिस का आरोप है कि पूछताछ के दौरान विवाद होने पर उसने दाउली से शासकीय वाहन पर हमला किया। इससे वाहन के बाईं ओर के दोनों दरवाजों के शीशे टूट गए और कांच लगने से आरक्षक जीतेश कुमार ध्रुव घायल हो गए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे की दाउली जब्त की है।
दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तारी
आरोपित जगदीश सिंह। पुलिस।
दूसरे मामले में 26 वर्षीय युवती ने 17 अक्टूबर को लोदाम थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, दुलदुला थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी जगदेव सिंह (24) ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
युवती ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने की जानकारी देने के बाद आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर युवती का बयान लिया और उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया। विवेचना के दौरान मोबाइल फोन और सोनोग्राफी रिपोर्ट जब्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।