
नईदुनिया प्रतिनिधि ,जशपुरनगरः जशपुर जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र के ग्राम सागीभावना में गौवंश के वध और मांस काटने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 किलोग्राम गौमांस, लोहे का गड़ासा, प्लास्टिक का थैला और गौवंश के अवशेष बरामद किए हैं। सभी आरोपितों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि सागीभावना के फिलिममुड़ा पहाड़ के नीचे चट्टान के पास एनोस के खेत के नजदीक गौवंश का वध कर मांस काटा जा रहा है। सूचना पर कांसाबेल पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। वहां से जकरियस तिग्गा को पकड़ा गया। घटनास्थल से गौमांस, गड़ासा, सिर, चार पैर, चमड़ी, पूंछ और मांस काटने में इस्तेमाल लकड़ी का गुटका जब्त किया गया।
पूछताछ और विवेचना के दौरान पुलिस ने मसीह दास उर्फ ईशु दास, धीरज तिग्गा, पीटर उर्फ शांति पीटर मिंज और उदय कुमार मिंज को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने पशु चिकित्सक से बरामद मांस और अवशेषों का परीक्षण कराया। इसके बाद नियमानुसार अवशेषों को दफन किया गया। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 5 और 10 के तहत अपराध दर्ज किया है।
आरोपितों में जकरियस तिग्गा, मसीह दास उर्फ ईशु दास, धीरज तिग्गा, पीटर उर्फ शांति पीटर मिंज और उदय कुमार मिंज ग्राम सागीभावना के निवासी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौवंश से संबंधित अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की विवेचना की जा रही है।