
नईदुनिया प्रतिनिधि, जशपुरनगर। पुराने मोबाइल की खरीदी के बकाया 1000 रुपये को लेकर उपजे विवाद को लेकर दोस्त ने ही दोस्त की हत्या कर लाश को जंगल में फेंक दिया था। मामला जिले के बगीचा थाना क्षेत्र के जुरगुम गांव का है।
थाना प्रभारी विक्रांत कुमार ने बताया कि 23 सितंबर को पुलिस को जुरगुम तुर्रापानी के जंगल में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली थी। शव पर चोट के निशान दिख रहे थे। चेहरा को जंगली जानवरों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिए जाने से उसकी पहचान नहीं हो सकी थी।
मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर के पीछे चोट के गहरे निशान मिलने से हत्या का संदेह जताया गया था। इस आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए शव की फोटो को मुखबिरों के साथ सोशल मीडिया में वायरल किया। काफी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान बगीचा थाना क्षेत्र के बिमड़ा निवासी राजेश दास के रूप में हुई।
पहचान होने के बाद पुलिस ने मृतक के स्वजनों के साथ उसके जान-पहचान व दोस्तों से पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि एक मोबाइल खरीदी को लेकर मृतक राजेश का कृष्णा यादव उर्फ कैलाश से विवाद चल रहा था।
संदेह के आधार पर पुलिस ने कृष्णा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने हत्या का अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह 23 सितंबर को अपने कार में राजेश व एक अन्य व्यक्ति के साथ घूमने निकला था।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में खिड़की तोड़ निकाली चाबी और कार ले गए चोर, दो किमी दूर ले जाकर जलाकर किया खाक
रास्ते में उनके साथ बैठा व्यक्ति उतर गया। इसके बाद मृतक को लेकर वह जुरगुम रपटा की ओर चला गया। यहां पुल के पास दोनों के बीच बकाया रकम को लेकर फिर विवाद हुआ। विवाद के दौरान भड़के आरोपित कृष्णा ने लकड़ी से वार कर राजेश की हत्या कर दी और उसके शव को जंगल के एक टिकरा के पास ले जाकर फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपित ने हत्या में प्रयुक्त लकड़ी और अपने कपड़ों को मैनी नदी में फेंक दिया। आरोपित ने घटना में प्रयुक्त कार को धोकर सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस ने कृष्णा उर्फ कैलाश यादव के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103 (1), 238 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।