
नईदुनिया प्रतिनिधि, जशपुरनगर। कच्चे आम से भरे केरैट की आड़ में गांजा तस्करी का राजफाश करते हुए पुलिस ने 2 क्विंटल गांजा सहित एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। मामला जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र की है। दोकड़ा में आयोजित पत्रकारवार्ता में मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी डा लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि कांसाबेल पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि एक पिकप में आम के करैट में छिपा कर ओडिसा से गांजा की बड़ी खेप अंबिकापुर जाने के लिए निकली है।
सूचना पर कांसाबेल पुलिस की टीम देवरी के पास नाकाबंदी कर जांच में जुटी हुई थी। इस बीच फरसाबहार की ओर से आ रही एक पिकप नाकाबंदी को देख कर,यू टर्न लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और दोकड़ा के बहलाजोर के पास पिकप की घेराबंदी कर उसे रोक लिया। वाहन की तलाशी लिये जाने पर कच्चे आम से भरे हुए केरैट मिला। कैरेट में भरे हुए आम को खाली करने पर नीचे में प्लास्टिक की पन्नी में गांजा से भरा हुआ 207 पैकेट गांजा जब्त किया गया।
एसएसपी सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गांजा का खेप अंबिकापुर होते हुए उत्तर प्रदेश जाने की बात पता चली है। मामले की जांच जारी है। उन्होनें बताया कि पिकप के साथ पकड़े गए तस्कर की पहचान जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र का रहवासी प्रेमनाथ सिंह के रूप में हुई है। आरोपित ने गांजा के खेप को ओड़िसा के सुंदरगढ़ जिले से लाने की बात कबूल की है।
पड़ोसी राज्य ओडिसा से गांजा की तस्करी को रोकना पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई है। पुलिस के आंकड़े के अनुसार इस साल जनवरी से लेकर अब तक पुलिस 8 मामलो में 744 किलो जब्त कर चुकी है। इसके साथ 1840 बोतल कफ सिरप और 8.4 ग्राम ब्राउन शुगर भी जब्त की गई है। इन सारे मामलों में पुलिस ने 27 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इन तमाम पुलिसिया कार्रवाई के बाद भी ओडिसा की ओर से गांजा का अवैध परिवहन का सिलसिला जारी है।
दोकड़ा क्षेत्र में दो क्विंटल 7 किलो गांजा के साथ एक पिकप जब्त की गई है। मामले में गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ की जा रही है। नशे के अवैध कारोबार के विरूद्व कार्रवाई जारी रहेगी।’’ डा लाल उम्मेद सिंह,एसएसपी,जशपुर।