छत्तीसगढ़ के जशपुरनगर में रस्सी से बांध कर ग्रामीण की पिटाई का वीडियो वायरल
जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पिटाई करते हुए एक वीडियो इंटरनेट मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
Publish Date: Tue, 12 May 2026 07:55:45 PM (IST)Updated Date: Tue, 12 May 2026 07:57:07 PM (IST)
इंटरनेट मीडिया में वायरल वीडियो में पीड़ित को रस्सी से बांधकर पिटते लोग। स्क्रीन शॉट।HighLights
- सिर, छाती, कमर और पैरों पर लगातार वार
- घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण माहौल
- बागबहार थाना क्षेत्र के झारपारा की घटना
नईदुनिया न्यूज,जशपुरनगर। जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पिटाई करते हुए एक वीडियो इंटरनेट मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। घटना जिले के बागबहार थाना क्षेत्र के झारपारा में रविवार की है। मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है।
जोगेंद्र बढ़ई की पत्नी उषा बाई ने बताया कि गांव के रहने वाले नवीन बंजारा सहित उसके परिवार के कई लोगों ने मिलकर उनके पति को पकड़ लिया और रस्सी से हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद आरोपितों ने लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से उनके पति की बेरहमी से पिटाई की।
सिर, छाती, कमर और पैरों पर लगातार वार
महिला का आरोप है कि हमले के दौरान उनके पति के सिर, छाती, कमर और पैरों पर लगातार वार किए गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। उषा बाई ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपित पक्ष लंबे समय से उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।
उनके अनुसार जमीन विवाद को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और जमीन हड़पने की नीयत से उनके पति को निशाना बनाया गया। 10 मई को भी विवाद इसी बात को लेकर बढ़ा जिसके बाद मारपीट की घटना सामने आई।
घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण माहौल
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो बना कर,इंटरनेट मिडिया में प्रसारित कर दिया। घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। लोग प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की हैं। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।
हाथ -पैर बांधकर युवक को पिटाई करने की शिकायत मिली है। बेरहमी से पिटाई की शिकायत पर पुलिस मामला दर्ज कर रही है।
-अशोक शर्मा, थाना प्रभारी बागबहार