
नईदुनिया प्रतिनिधि, कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कोरर थाना क्षेत्र में नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया है। यहां एक किशोरी के साथ चार युवकों द्वारा जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किए जाने की घटना ने सनसनी फैला दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी राहुल मंडावी की पीड़िता से पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। आरोपी लगातार मिलने का दबाव बना रहा था, और जब पीड़िता तैयार हुई तो वह उसे बाइक पर घुमाने के बहाने कोरर क्षेत्र की ओर ले गया।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मुख्य आरोपी अपनी पहचान के आधार पर किशोरी को कोरर के जंगल में ले गया और वहां अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने मिलकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
जब देर रात तक किशोरी घर नहीं लौटी, तो उसके चिंतित पिता ने थाने में गुमशुदगी और अनहोनी की शिकायत दर्ज कराई। खोजबीन के दौरान पीड़िता घर से लगभग तीस किलोमीटर दूर जंगल में दयनीय स्थिति में मिली, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली और कोरर पुलिस ने तुरंत संयुक्त रूप से दबिश दी और दिनभर की तलाश के बाद चारों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों में राहुल मंडावी (20 वर्ष, निवासी घोरदा शीतलापारा), संतोष मंडावी (24 वर्ष), और मनीष सेवता (28 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी खेती-किसानी और मजदूरी का काम करते हैं। पुलिस के मुताबिक इनमें से एक आरोपी के नाबालिग होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिसकी विधिवत जांच की जा रही है। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।