
कांकेर। तमिलनाडु से छुट्टी मनाकर ड्यूटी पर लौट रहे बीएसएफ के एक जवान की गुरुवार को अपनी ही रायफल से गोली चलने से मौत हो गई। दुर्ग पहुंचने के बाद मनीष ट्रेवल्स की बस से वह मुल्ला बीएसएफ कैम्प जा रहा था। कैम्प से लगभग तीन किलोमीटर पहले बने नए पुल से बस के गुजरने के दौरान अचानक लगे झटके से उसकी रायफल का ट्रेगर दब गया और यह हादसा हो गया।
तमिलनाडु का रहने वाला आरटी शशि कुमार (34) बीएसएफ 87 बीएन में कार्यरत था। वह छुट्टी मनाने अपने घर तमिलनाडु गया हुआ था। छुट्टियां खत्म होने के बाद वह ड्यूटी पर वापस लौट रहा था। दुर्ग पहुंचने के बाद वह मनीष ट्रेवल्स की बस से बीएसएफ के मुल्ला कैम्प लौट रहा था। जैसे ही बस कैम्प के लगभग तीन किलोमीटर पहले बने नए पुल पर पहुंची, पुल का रास्ता ऊबड़-खाबड़ होने से जवान के इंसास रायफल का ट्रिगर दब गया। रायफल लोड होने से अचानक चली गोली जवान के गले को चीरते हुए बस की बॉडी के पार हो गई। गंभीर रूप से घायल जवान को भानुप्रतापपुर स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को बीएसएफ को सौंप दिया गया। वहीं इसकी सूचना जवान के परिजन को भेज दी गई है।