
नईदुनिया प्रतिनिधि, कांकेर। कांकेर जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर कानापोड़ और लखनपुरी के बीच स्थित बालक छात्रावास के समीप बीती रात अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर 15 मवेशियों की मौत हो गई। सुबह प्रशासनिक अमले ने मृत मवेशियों को जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर दफनाया।
घटना की सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बेजुबान पशुओं की अकाल मौत पर दुख जताते हुए सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में चलाई गई 'गौठान योजना' के कारण सड़कों पर मवेशियों का जमघट काफी हद तक नियंत्रित था, जिससे हादसों में भारी कमी आई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार केवल राजनीति कर रही है और धरातल पर मवेशियों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
विधायक ने लखनपुरी से चारामा मार्ग के बीच डिवाइडर पर खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तुरंत व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी गौ-पालकों से भी अपील की कि वे अपने पशुओं को खुला न छोड़ें और उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।