
नईदुनिया प्रतिनिधि, कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सड़कों पर तेज और कर्कश आवाज निकालकर आम लोगों को परेशान करने वाले बाइकर्स के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। शहर में ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सितंबर माह के दौरान चलाए गए विशेष जांच अभियान के तहत दोपहिया वाहनों से जब्त किए गए 75 से अधिक अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों को सोमवार को सार्वजनिक रूप से रोड रोलर से कुचलकर नष्ट कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देश पर यातायात पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। कोड़ेजूंगा चौक पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) योगेश साहू की मौजूदगी में यातायात प्रभारी दीपक साव एवं उनकी टीम ने सड़क पर कतार से रखे साइलेंसरों पर भारी-भरकम रोड रोलर चलवा दिया। कुछ ही पलों में तेज आवाज करने वाले सभी अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर पूरी तरह कबाड़ में तब्दील हो गए।
कार्रवाई के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए एएसपी योगेश साहू ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि तेज आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर केवल ध्वनि प्रदूषण ही नहीं बढ़ाते, बल्कि हृदय रोगियों, बुजुर्गों और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बनते हैं। साइलेंसर से निकलने वाली अचानक तेज और कर्कश आवाज से सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों का ध्यान भटक जाता है, जिससे गंभीर सड़क हादसों की आशंका बढ़ जाती है।
पुलिस प्रशासन ने विशेष रूप से युवा वर्ग से आग्रह किया है कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और अपनी बाइकों में केवल मानक साइलेंसर का ही उपयोग करें, अन्यथा साइलेंसर जब्ती के साथ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा यातायात पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए मोबाइल नंबर 9479192979 जारी किया है। नागरिक तेज आवाज वाले वाहनों का नंबर और वीडियो इस नंबर पर भेजकर सीधे शिकायत दर्ज करा सकते हैं।