कांकेर। जिला कांग्रेस द्वारा विधायक निवास कांकेर में झीरम घाटी में शहीद हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शहीद महेंद्र कर्मा की जयंती पर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया गया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष बिरेश ठाकुर ने शहीद महेंद्र कर्मा के बस्तर क्षेत्र के आदिवासी समाज तथा कांग्रेस पार्टी में किए गए उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें एक दबंग नेता बताया, जिन्हें बस्तर सहित समूचे छग के लोग बस्तर टाइगर के नाम से जानते थे, उनका व्यक्तित्व सदैव शोषित एवं अत्याचार से पीड़ित वर्गों के उत्थान के लिए रहा।
बस्तर में नक्सलवाद पर अंकुश लगाने उन्होंने सलवा जुडुम का संचालन कर आदिवासियों को नक्सलवाद के खिलाफ एकसूत्र में बांधने का कार्य किया, जिसके कारण से वे हमेशा नक्सलियों के निशाने में रहा करते थे। 25 मई 2013 को कांग्रेस परिवर्तन के यात्रा के दौरान झीरम घाट में नक्सलियों द्वारा किए गए हमले में उन्होंने अपनी शहादत दी। ऐसे वीर सपूत को कांग्रेस सदैव याद करता रहेगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभद्रा सलाम ने सभा संबोधित करते हुए कहा कि महेंद्र कर्मा न केवल राजनेता थे, बल्कि संवेदनशील, जागरूक और बेहद भावुक इंसान भी थे। वे आदिवासियों के हक की हर लड़ाई में बस्तर टाइगर के रूप में दमदारी से खड़े रहे। उनके जैसा निःस्वार्थ व्यक्ति और दूरदर्शी नेतृत्व की धनी बस्तर को मिला यह बस्तर के लिए सौभाग्य था। कर्मा ने जीवन के अंतिम क्षण तक आदिवासियों के लिए संघर्ष किया।
जिला कांग्रेस महामंत्री सुनील गोस्वामी ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में विपक्ष के नेता और मंत्री के रूप उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली और छत्तीसगढ़ के विकास में अपना अमूल्य योगदान दिया। उनके विचार हमें सदैव प्रेरित करते रहेंगे। उनकी स्मृतियों को चिरस्थाई बनाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर विश्वविद्यालय का नामकरण उनके नाम पर किया और उनके नाम पर प्रदेश के तेंदूपत्ता संग्राहक परिवारों के लिए शहीद महेंद्र कर्मा तेंदूपत्ता संग्राहक समाजिक सुरक्षा योजना प्रारंभ की है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुभद्रा सलाम, कमला गुप्ता, सियो पोटाई, जितेन्द्र सिंह ठाकुर, सुनील गोस्वामी, मनोज जैन, याशीन कराणी, नीरा साहू, रोशन आरा, दीपिका श्रीवास्तव, सुमति नेताम, बिमला शोरी, दुलमत नेताम, असलता मण्डावी, संगीता कोमरा, संजना नेताम, लक्ष्मणपुरी गोस्वामी, अजय रेणु, जितेन्द्र वैद्य, विजय यादव, तुकेश्वर साहू, जगदीश सोनी, कपिल शोरी, विष्णु नाविक, रिकेश नेताम, अशोक सलाम, चेतन नरेटी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।