
कांकेर। भानुप्रतापपुर में अगले महीने उपचुनाव होने जा रहा है। उपचुनाव के बीच एनएसयूआइ के प्रदेश महासचिव रुहाब मेमन पर कालेज छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मामले मेें आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। रुहाब मेमन को उपचुनाव के लिए सह प्रभारी बनाया गया था और वह भानुप्रतापपुर का ही रहने वाला है। इस मामले में कांकेर एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि पीड़िता ने दुष्कर्म की रिपोर्ट स्थानीय थाने में लिखवाई थी जिस पर पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि एनएसयूआइ प्रदेश महासचिव रुहाब मेमन ने कालेज में दाखिला दिलवाने में उसकी मदद की थी। इस दौरान से रुहाब ने उसका नंबर ले लिया था। बुधवार शाम रुहाब कांकेर पहुंचा और फोनकर घड़ी चौक में बुलाया। जिसके बाद उसने पढ़ाई के विषय में चर्चा करने की बात कहते हुए उसे अपनी कार में बैठा लिया। आरोपित ने छात्रा को शहर से दूर सिंगारभाट के जंगल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता किसी तरह आरोपित से अपनी जान बचाकर कोतवली थाना पहुंची और मामले की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने इस मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए अपराध दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह के मामले होने से घटना और गिरफ्तारी के बाद भाजपा को बैठे-बिठाए एक मुद्दा मिल गया है और इस चुनाव में भाजपा के द्वारा जरूर इसे भुनाने की पूरी कोशिश की जाएगी। बता दें प्रदेश में किसी न किसी वजह से महिलाओं पर अपराध कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है।