जंगल में सूखे जलस्त्रोत तो भालू टंकी में नहाते और बंदर हैंडपंप में दिखे प्यास बुझाते
भालुओं के समूह को गोठान की टंकी से प्यास बुझाते देखा जा रहा है तो कहीं वानरों का समूह पानी के बोर के पास आ कर अपनी प्यास बुझाते दिख रहे हैं।
Publish Date: Sat, 02 May 2026 10:42:44 AM (IST)Updated Date: Sat, 02 May 2026 10:46:27 AM (IST)
बाल्टी में भरे पानी से प्यास बुझाता वानर। कौशल सोनीHighLights
- कांकेर में वन्यजीव पहुंच रहे आबादी क्षेत्र में
- तेज गर्मी के कारण जंगल में सूख गए हैं जलस्त्रोत
- पक्षियों के मरने की घटनाएं भी आ रहीं सामने
नईदुनिया न्यूज, कांकेर: तपती गर्मी व लू के थपेड़ों की वजह से आम लोगों के साथ ही पशु-पक्षियों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। पक्षी तेज गर्मी सहन नहीं कर पा रहे हैं। जलस्त्रोत में आई कमी के कारण पक्षी मारे जा रहे हैं। तापमान के 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के कारण भीषण गर्मी व लू भी चल रही है।
जंगल में जल स्त्रोतों के सूखने से वन्य जीव आबादी इलाकों की ओर आ रहे हैं। कहीं भालुओं के समूह को गोठान की टंकी से प्यास बुझाते देखा जा रहा है तो कहीं वानरों का समूह पानी के बोर के पास आ कर अपनी प्यास बुझाते दिख रहे हैं।
मुर्गा व्यापारियों को नुकसान
गर्मी के दिनों में मुर्गा व्यापरियों को भी नुकसान उठाना पड़ता है। इस मौसम में मुर्गे-मुर्गियां ज्यादा तापमान सहन नहीं कर पाती है। मुर्गी विक्रेता मुर्गियों को बचाने कूलर-पंखे व जाली को गीले बोरे से ढंककर रखा जा रहा है। स्थानीय मुर्गी विक्रता समीर ने बताया कि गर्मी में मुर्गे-मुर्गियों की डिमांड कम हो गई है। वहीं इसके वजन भी कम हो जाती है और गर्मी के कारण मुर्गियां मर जाती है, इससे घाटा उठाना पड़ता है। मुर्गियों को धूप व गर्मी से बचाने छाया किया गया है। साथ ही कूलर का सहारा लिया जा रहा है। ब्रायलर मुर्गी ज्यादा गर्मी सहन नहीं कर पाती, इस कारण मुर्गियों की विशेष देखभाल करनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि शादी सीजन के बावजूद मुर्गी की बिक्री कम है। अभी ब्रायलर 160 रूपये व देशी मुर्गी साढ़े पांच रूपये प्रतिकिलो की दर से बेच रहे हैं।
रेस्ट हाउस के पास नेशनल हाइवे के किनारे शुक्रवार की दोपहर 12 बजे कई पक्षी मृत हालत में मिले। गर्मी के दिनों में जल स्रोत सूख जाने से और समय पर पानी नहीं मिलने से पक्षी मर जा रहे है।
दूध नदी सूखी तो बंदर पहुंचे शहर की ओर
तेज गर्मी का असर बंदरों पर भी दिखाई दे रहा है। पुराना बस स्टैंड के पास से गुजरने वाली दूध नदी सूख जाने से पशुओं को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। बंदर अपनी प्यास बुझाने शहर की ओर पहुंच रहे और दुकान के सामने भरे बाल्टियों में पानी पीकर अपनी प्यास बुझा रहे हैं।
गोठान की टंकी से भालुओं ने बुझाई प्यास
धूप और गर्मी का असर भालू में भी देखने को मिला है। ग्राम डुमाली के गौठान में बने सीमेंट के पात्र में पानी भरा हुआ था। कुछ दिनों पूर्व तीन भालू यहां पहुंचे और नहाते हुए दिखाई दिए। इस दृश्य को वहां मौजूद लोगों ने अपने कैमरों में कैद कर लिया था।