_m.webp)
नईदुनिया न्यूज, चारामा। जिले में चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाले प्रार्थी को ही आरोपित बनाकर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपित प्रदीपचंद्र गंगबेर के कब्जे से लगभग पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी प्रदीपचंद्र गंगबेर पिता शिवप्रसाद गंगबेर (36) निवासी ग्राम बागडोंगरी ने थाना चारामा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 अक्टूबर को वह परिवार सहित नवरात्रि कार्यक्रम देखने कांकेर गया था। रात करीब 12:30 बजे घर लौटने पर अलमारी से मां और पत्नी के लगभग छह लाख रुपये के जेवरात गायब मिले।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, त्योहारी सीजन में रजिस्ट्री की रफ्तार पर लगा ब्रेक
पूछताछ में भूमिका लगी संदिग्ध
इस पर थाना में अपराध पंजीबद्ध किया गया। थाना प्रभारी सुरेश कुमार राठौर के नेतृत्व में टीम गठित की गई। घटनास्थल निरीक्षण और पूछताछ के दौरान प्रार्थी की भूमिका संदिग्ध लगी। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने ऑनलाइन जुआ, खान-पान और अपने शौक पूरे करने के लिए खुद ही घर के जेवरात चुराए थे।
आरोपित के कब्जे से सोने का एक हार, एक जोड़ी झुमके, एक अंगूठी, दो लॉकेट, चांदी के तीन करधन, पांच पायल, एक कटोरी और चम्मच सहित कुल पांच लाख रुपये के जेवरात बरामद किए गए। आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध पूर्व में अपराध मामला दर्ज है।