
नईदुनिया प्रतिनिधि, कांकेर। धनतेरस एवं दीपावली पर्व के अवसर पर शहर में सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने अस्थायी परिवर्तन किया है। यह व्यवस्था 5 नवंबर दोपहर से 8 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी। यातायात पुलिस ने समस्त बस संचालकों, मालवाहक चालकों एवं शहर के व्यापारियों से सहयोग की अपील की है।
त्योहार के दौरान समस्त बसें, ट्रक एवं मालवाहक वाहन ज्ञानी चौक होते हुए बस स्टैंड पहुंचेंगे तथा वापसी में पुनः इसी निर्धारित मार्ग से अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना होंगे। निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि कोई भी बस एवं भारी वाहन शहर के अंदर प्रवेश नहीं करेंगे। इससे शहर के भीतरी इलाकों में जाम की समस्या से राहत मिलेगी और बाजार में खरीदारी करने आए लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
शहर के समस्त दुकानदारों एवं व्यापारियों से अनुरोध किया गया है कि दुकानों में सामान लाने एवं ले जाने वाले वाहनों से सामान खाली कराने अथवा लोड कराने का कार्य प्रातः 9 बजे से पूर्व अथवा रात्रि 10 बजे के बाद ही करें। निर्धारित समय के अतिरिक्त शहर के भीतर मालवाहक वाहनों से सामान की लोडिंग एवं अनलोडिंग प्रतिबंधित रहेगी। इस नियम का उद्देश्य दिन के समय बाजार में भीड़ और जाम को कम करना है, क्योंकि त्योहार के दिनों में बाजार में खरीददारों की भारी भीड़ रहती है।
त्योहार के दौरान पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा, जबकि दोपहिया वाहनों का आवागमन यथावत जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में चार पहिया वाहन लेकर न जाएं और वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।
त्योहार को देखते हुए छोटी गाड़ियों के सुचारू आवागमन के लिए पोस्ट ऑफिस से ऊपर-नीचे रोड पर वन-वे यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। घड़ी चौक की ओर से आने वाले वाहन सिविल लाइन होते हुए पंडरीपानी चौक से या ऊपर-नीचे रोड से सेन चौक होते हुए ज्ञानी ढाबा से शहर में प्रवेश करेंगे। वहीं चार पहिया वाहनों का ऊपर-नीचे की ओर से शहर में जाना मना रहेगा। सभी वाहन चालकों को निर्धारित वन-वे मार्ग का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात प्रभारी दीपक साव ने बताया कि आवश्यक वाहनों के लिए डायवर्सन में छूट रहेगी। एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को रोका नहीं जाएगा। यातायात पुलिस जिला उत्तर बस्तर कांकेर ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहार के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहन निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें और पुलिस के निर्देशों का सहयोग करें, ताकि सभी लोग सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से त्योहार मना सकें।