
नईदुनिया प्रतिनिध, कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर वन परिक्षेत्र अंतर्गत खपरापारा क्षेत्र से दो जंगली भालुओं के आमने-सामने भिड़ने की रोमांचक घटना सामने आई है। जंगल से भटककर रिहायशी क्षेत्र की सीमा पर पहुंचे दोनों भालू अचानक एक-दूसरे पर आक्रामक हो गए और उनके बीच जोरदार संघर्ष शुरू हो गया। इस दौरान मौके से गुजर रहे राहगीरों ने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से देखा और साझा किया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों भालू भोजन और पानी की तलाश में जंगल से निकलकर खपरापारा के खुले मैदान के करीब पहुंच गए थे। वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, संसाधनों की कमी या अपने इलाके पर वर्चस्व को लेकर जंगली जानवरों में इस तरह का टकराव देखने को मिलता है। जैसे ही दोनों भालू एक-दूसरे के आमने-सामने आए, वे पिछले पैरों पर खड़े होकर एक-दूसरे को दबोचने लगे। दोनों के बीच कई मिनटों तक गुर्राहट और पंजों के वार का सिलसिला चलता रहा।
घटना के वक्त रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर जब इस पर पड़ी, तो पहले तो वे दहशत में आ गए, लेकिन सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए कुछ युवाओं ने इस संघर्ष का वीडियो बना लिया। वीडियो में दोनों भालू पूरी ताकत के साथ लड़ते दिखाई दे रहे हैं। कुछ देर की जोर-आजमाइश के बाद दोनों अलग होकर झाड़ियों की ओर चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भालुओं की यह भिड़ंत इतनी तीव्र थी कि आसपास मौजूद लोग सहम गए।
यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है जब पूरे प्रदेश में राज्य स्तरीय वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव द्वंद्व को रोकने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल के सीमावर्ती इलाकों में अकेले जाने से बचने की सलाह दी है।